हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को राज्य की जनता को बड़ी सौगात दी। उन्होंने एक ही दिन में 18 विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत लगभग 1,431 करोड़ रुपए की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की। इस पहल से प्रदेश के करीब 56 लाख 34 हजार लाभार्थियों को सीधा आर्थिक लाभ पहुंचा है।
प्रैस वार्ता में किया योजनाओं का ऐलान
चंडीगढ़ में आयोजित प्रैस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि आज जारी की गई राशि में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की चौथी किस्त, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं, हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत गैस सिलेंडर सब्सिडी और दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहन राशि शामिल है। इस मौके पर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी भी मौजूद रहे।
लाडो लक्ष्मी योजना के तहत 9.22 लाख महिलाओं को मिले 193 करोड़
मुख्यमंत्री ने बताया कि दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत आज 9,22,452 महिला लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे 193 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए। अब तक इस योजना के तहत चार किस्तों में कुल 634 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके हैं। इस योजना के तहत 23 वर्ष और उससे अधिक उम्र की वे महिलाएं हर माह 2,100 रुपए की आर्थिक सहायता पाने की पात्र हैं, जिनके परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपए से कम है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब 1 लाख 80 हजार रुपए वार्षिक आय वाले परिवारों की महिलाएं भी इस योजना के लिए पात्र होंगी, बशर्ते उनके बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ते हों और कक्षा 10 या 12 की बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हों। इसके अलावा, कक्षा 1 से 4 में ‘निपुण भारत मिशन’ के तहत कक्षा स्तर की दक्षता हासिल करने वाले बच्चों की माताएं तथा जिन माताओं ने अपने बच्चों को कुपोषण से सफलतापूर्वक बाहर निकाला है, वे भी पात्र होंगी।
मोबाइल एप से 10.51 लाख महिलाओं ने किया आवेदन
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि पंडित दीन दयाल उपाध्याय की 109वीं जयंती पर 25 सितम्बर, 2025 को लॉन्च किए गए ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी मोबाइल एप’ के माध्यम से 10,51,029 महिलाओं ने आवेदन किया, जिनमें से 9,22,452 महिलाएं पात्र पाई गईं। उन्होंने बताया कि फरवरी 2026 से हर माह 1,100 रुपए सीधे लाभार्थी के बचत खाते में जमा होंगे, जबकि 1,000 रुपए सरकार द्वारा संचालित फिक्स्ड डिपॉजिट खाते में रखे जाएंगे।
34.14 लाख पेंशनधारियों को मिले 1,098 करोड़
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ही बुढ़ापा, विधवा, दिव्यांग और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 1,098 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। इससे प्रदेश के 34.14 लाख पेंशनधारियों को सीधा लाभ पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेंशन संबंधी समस्याएं और आय आधारित पात्रता से जुड़ी शिकायतें उनके संज्ञान में आई हैं। इन शिकायतों और अपीलों के त्वरित व निष्पक्ष निपटारे के लिए उन्होंने सभी जिलों के एडीसी निर्देश जारी किए हैं। अब एडीसी सप्ताह में दो दिन सोमवार और गुरुवार को इन मामलों की सुनवाई और समाधान सुनिश्चित करेंगे।
हर घर-हर गृहिणी योजना के तहत 12.62 लाख महिलाओं को गैस सब्सिडी
नायब सिंह सैनी ने बताया कि ‘हर घर-हर गृहिणी योजना’ के तहत नवम्बर और दिसम्बर माह में एलपीजी सिलेंडर रिफिल कराने वाली 12.62 लाख महिलाओं को सब्सिडी के रूप में 38.97 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। इस योजना के तहत पात्र महिलाएं हर माह 500 रुपए की सब्सिडी पर गैस सिलेंडर प्राप्त कर सकती हैं। इससे पहले 17 जनवरी को 6,08,842 से अधिक लाभार्थियों को 18.56 करोड़ रुपए की सब्सिडी दी गई थी। अब तक इस योजना के तहत 14.38 लाख महिलाओं को कुल 223.31 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए जा चुके हैं।
दुग्ध उत्पादकों को मिला 101 करोड़ का प्रोत्साहन
इसके अलावा, मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक प्रोत्साहन योजना के तहत भी आज 36,000 लाभार्थियों को 101 करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि जारी की गई। इससे प्रदेश के पशुपालकों और दुग्ध उत्पादकों को बड़ी राहत मिली है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजा शेखर वुंडरू, सामाजिक न्याय एवं अंत्योदय विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी. अनुपमा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, सहकारिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार तथा मुख्यमंत्री के मीडिया सचिव प्रवीण आत्रेय उपस्थित रहे।








