वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: 6 माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, गर्भस्थ शिशु ने भी तोड़ा दम

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर के उपमंडल पांवटा साहिब के अंतर्गत आने वाले गांव कोटड़ी ब्यास में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां एक 26 वर्षीय गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस दुखद घटना में महिला के साथ-साथ उसके गर्भ में पल रहे 6 माह के शिशु की भी मृत्यु हो गई है।

सीने में दर्द की थी शिकायत

मिली जानकारी के अनुसार मृतका पहले से दो बेटों की मां थी और वर्तमान में वह छह महीने की गर्भवती थी। परिजनों ने बताया कि पिछले एक दिन से महिला सीने में दर्द की शिकायत कर रही थी। शुरुआती तौर पर परिजनों ने इसे सामान्य दर्द समझा और घर पर ही उपचार किया, लेकिन जब महिला की हालत अधिक बिगड़ने लगी तो उसे तुरंत सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया। बदकिस्मती से महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार जब महिला को लाया गया तो वह मृत अवस्था में थी और उसके गर्भ में पल रहे शिशु की भी धड़कन रुक चुकी थी।

हार्ट अटैक की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सिविल अस्पताल पांवटा साहिब की इंचार्ज डॉ. सुधी गुप्ता ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि महिला को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। वह 6 माह की गर्भवती थी। दुर्भाग्यवश मां और शिशु दोनों की मृत्यु हो गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। हालांकि प्रारंभिक तौर पर महिला की मौत का कारण हार्ट अटैक (हृदय गति रुकना) माना जा रहा है, लेकिन पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से कोटड़ी ब्यास गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!