वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हरियाणा के सभी 22 जिलों में कैंसर उपचार की सुविधा शुरू, सीएम सैनी ने किया 17 नए डे-केयर सैंटरों का उद्घाटन

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को प्रदेश के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राज्य के 17 जिलों में डे-केयर कैंसर सैंटर (DCCC) का वर्चुअल उद्घाटन किया। राज्य के पांच जिलों में ये सैंटर पहले से ही संचालित थे, लेकिन आज के इस विस्तार के बाद अब हरियाणा के सभी 22 जिलों में कैंसर रोगियों के लिए डे-केयर उपचार की सुविधा सुनिश्चित हो गई है। मुख्यमंत्री ने अपने वित्त वर्ष 2025-26 के बजट संकल्प को पूरा करते हुए यह सौगात दी है।

सुलभ और किफायती इलाज का उद्देश्य

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि कैंसर आज एक गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौती बन चुका है, जिसका इलाज अत्यधिक महंगा है। इन केंद्रों को शुरू करने का मुख्य उद्देश्य कैंसर रोगियों को उनके घर के नजदीक ही सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराना है। इससे मरीजों को अब कीमोथेरेपी और फॉलो-अप उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर नहीं भागना पड़ेगा, जिससे उनके समय और यात्रा खर्च में भारी कमी आएगी।

‘हब एंड स्पोक’ मॉडल से मिलेगी विशेषज्ञ राय

प्रदेश के ये कैंसर सैंटर आधुनिक ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल पर काम करेंगे। इसके तहत पीजीआईएमएस रोहतक, नैशनल कैंसर इंस्टीट्यूट (झज्जर), सर्वोदय अस्पताल (फरीदाबाद) और अंबाला छावनी का अटल कैंसर केयर सेंटर ‘हब’ के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। ये प्रतिष्ठित संस्थान जिला अस्पतालों में स्थित सैंटरों को विशेषज्ञ मार्गदर्शन और तकनीकी सहायता प्रदान करेंगे, जिससे मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही उच्च स्तरीय परामर्श मिल सकेगा।

डे-केयर सैंटरों में नि:शुल्क मिलेंगी सुविधाएं

इन डे-केयर सैंटरों में कैंसर ओपीडी, कीमोथेरेपी, पेन एवं पेलिएटिव केयर और उपचार के बाद का व्यवस्थित फॉलोअप पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही, स्वास्थ्य विभाग राष्ट्रीय गैर-संचारी रोग निवारण कार्यक्रम (NP-NCD) के तहत रोकथाम पर जोर दे रहा है। इसके अंतर्गत 30 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों की मुख, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के लिए नियमित स्क्रीनिंग की जा रही है ताकि बीमारी का समय रहते पता लगाया जा सके।

कैंसर पीड़ितों को पैंशन और मुफ्त यात्रा की सुविधा

राज्य सरकार कैंसर मरीजों को सामाजिक सुरक्षा भी प्रदान कर रही है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के माध्यम से स्टेज 3 और 4 के उन कैंसर मरीजों को 3,000 रुपए प्रतिमाह की वित्तीय सहायता दी जा रही है, जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 3 लाख रुपए से कम है। इसके अलावा, हरियाणा रोडवेज की बसों में कैंसर पीड़ित मरीज और उनके साथ एक सहायक को नि:शुल्क यात्रा की सुविधा भी प्रदान की जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्री ने की पहल की सराहना

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव ने वीडियो कॉन्फ्रैंसिंग के माध्यम से जुड़कर इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह कदम मुख्यमंत्री की प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग, डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि विभाग का निरंतर प्रयास है कि हर मरीज को समय पर इलाज और हर संभव मदद मिल सके। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!