वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: स्कूल में घुसकर मिड-डे मील वर्कर की हत्या, आराेपी ने बच्चाें के सामने दराट से किए कई वार

हिमाचल के कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल में एक ऐसी नृशंस वारदात सामने आई है जिसने मानवता को स्तब्ध कर दिया है। राजकीय प्राथमिक पाठशाला चन्नौर में एक सिरफिरे शख्स ने मिड-डे मील वर्कर सलोचना देवी की स्कूल परिसर के भीतर ही दराट से प्रहार कर हत्या कर दी। यह वारदात उस वक्त हुई जब मासूम बच्चे स्कूल में मौजूद थे।

बता दें कि गुरुवार को पूरे प्रदेश में मिड-डे मील कर्मी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर थे। सलोचना देवी (58) भी चाहतीं तो घर पर रुक सकती थीं, लेकिन उन्होंने मासूम बच्चों की भूख को अपनी मांगों से ऊपर रखा। वह केवल इसलिए स्कूल आईं ताकि बच्चे भूखे न रहें। जब वह बच्चों को खाना खिलाने की तैयारी कर रही थीं, तभी आरोपी स्कूल में घुस आया और उन पर दराट से हमला बोल दिया।

वारदात के समय स्कूल में चीख-पुकार मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी सलोचना देवी पर तब तक वार करता रहा जब तक उनकी जान नहीं निकल गई। वह चिल्ला रहा था आज मैं इसके टुकड़े-टुकड़े कर दूंगा। स्कूल की मुख्य अध्यापिका सरिता देवी ने बताया कि वारदात के समय उन्हाेंने और अन्य स्टाफ ने आनन-फानन में बच्चों को कमरों में बंद कर कुंडी लगा दी, ताकि बच्चों की जान बचाई जा सके और वे इस खौफनाक मंजर को न देखें। जब आरोपी नहीं रुका तो पास के सीनियर सैकेंडरी स्कूल के स्टाफ ने एकजुट होकर आरोपी पर पत्थर बरसाए, जिसके बाद वह माैके से फरार हाे गया।

वहीं सूचना मिलते ही देहरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है कि आखिर इस जघन्य हत्याकांड के पीछे की असली वजह क्या थी। स्कूल परिसर को सील कर दिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!