वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: महाशिवरात्रि पर मंडी में पसरा मातम, खाई में जीप गिरने से 3 नौजवानों की मौत, एक गंभीर घायल

जहां आज पूरा देश महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर महादेव की भक्ति में लीन है और घरों में व्रत-पूजन की तैयारियां चल रही थीं, वहीं हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। सराज क्षेत्र में तड़के सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियों को हमेशा के लिए मातम में बदल दिया। एक अनियंत्रित जीप के गहरी खाई में गिरने से तीन नौजवानों की जान चली गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।

हादसा मंडी के सराज स्थित लम्बाथाच-कल्हणी सड़क पर सुबह करीब चार बजे हुआ। जब पूरा इलाका गहरी नींद में था, तब बुनालीधार नामक स्थान पर एक तीखे मोड़ पर जीप (HP 65-5148) अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और वह कई हिस्सों में बंट गई।

इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले तीनों युवक बेहद कम उम्र के थे। मृतकों की पहचान ऋतिक ठाकुर (19 वर्ष), सुनील (17 वर्ष) और ईशान (18 वर्ष) के रूप में हुई है। ये सभी सराज के केलोधार और आसपास के गांवों के रहने वाले थे। हादसे में 18 वर्षीय कुशाल गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज वर्तमान में नेरचौक मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। नीचे गहरी खाई में गाड़ी का हाल देखकर अंदाजा लगाया जा सकता था कि हादसा कितना जबरदस्त रहा होगा। दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि तीसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में अंतिम सांस ली।

जिस वक्त यह हादसा हुआ, परिवारों को लग रहा था कि बच्चे घर से निकले हैं तो जल्द ही वापस आ जाएंगे। किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि शिवरात्रि के दिन उनके घर बच्चों की लाशें आएंगी। परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है। लोग कह रहे हैं कि ये कैसी विडंबना है कि जिस महादेव से लंबी उम्र की दुआ मांगनी थी, उसी दिन इन बच्चों ने उनके चरणों में स्थान पा लिया।

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये युवक इतनी सुबह कहां जा रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तीखे मोड़ और अनियंत्रित गति को हादसे की वजह माना जा रहा है। जांच में जाे भी निकल कर सामने आए, लेकिन उन तीन परिवारों के लिए अब कुछ भी पहले जैसा नहीं रहेगा। हर साल शिवरात्रि आएगी, लेकिन इन जख्मों को हरा कर जाएगी।

नीचे क्लिक कर देखें वीडियो…

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!