हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के दुर्गम क्षेत्र भरमौर में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। लोथल गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके कुछ ही देर बाद खुद भी मौत को गले लगा लिया। इस हत्या और आत्महत्या की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार आरोपी सरवन कुमार (47) मंगलवार शाम को अपनी पत्नी अंजू देवी (43) के साथ अपने भाई के घर गया था। वहां घंटों समय बिताने के बाद दोनों देर रात अपने घर लौटे। घर पहुंचते ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई। गुस्से में आकर सरवन ने पत्नी को बुरी तरह पीटा और फिर तेजधार हथियार से उस पर हमला कर दिया, जिससे अंजू देवी की मौत हो गई।
घटना के वक्त घर पर पति-पत्नी के अलावा कोई भी मौजूद नहीं था। वारदात को अंजाम देने के बाद सरवन अपने पास ही स्थित पुराने घर में जाकर सो गया। बुधवार सुबह जब उसके भाई ने अपने बेटे को खच्चर को घास डालने के लिए भेजा, तो उसने बरामदे में अंजू देवी का खून से लथपथ शव देखा। शोर मचने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिससे घबराकर सरवन ने खिड़की तोड़ी और पास में ही स्थित पेड़ से फंदा लगा लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि सरवन कुमार कोई काम नहीं करता था और उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी, जबकि उसकी पत्नी अंजू देवी घोड़े-खच्चर चलाकर और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रही थी। मृतका के तीन बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियों की शादी हो चुकी है और 17 साल का बेटा घटना के समय घर से बाहर था। बताया जा रहा है कि सरवन अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था और पहले भी अपनी जान देने की कोशिश कर चुका था।
वहीं भरमौर पुलिस की टीम और फाेरैंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसआई यशपाल ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला मानसिक तनाव और आपसी झगड़े का लग रहा है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, जिसके बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।








