हिमाचल प्रदेश में बेरोजगारी का फायदा उठाकर भोले-भाले लोगों को ठगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला बिलासपुर जिले के घुमारवीं थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक पिता को अपने बच्चों के सुनहरे भविष्य का सपना देखना महंगा पड़ गया। शातिरों ने सरकारी नौकरी लगवाने का प्रलोभन देकर पीड़ित से 4 लाख 30 हजार रुपए ठग लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पहले भराेसा जीता, फिर गूगल पे के जरिये करवाई लाखों की ट्रांजैक्शन
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार पीड़ित प्रताप सिंह निवासी गांव जोलपलाखी कुरना, तहसील घुमारवीं ने बताया कि बीेते वर्ष के सितम्बर माह में कुछ लोगों ने उनसे संपर्क साधा। इन लोगों ने दावा किया कि उनकी अच्छी जान-पहचान है और वे प्रताप सिंह के बच्चों की सरकारी नौकरी लगवा सकते हैं। ठगी को अंजाम देने वाले आरोपियों ने अपनी पहचान रामपाल, राहुल, साहिल और रोहित के रूप में बताई। इन चारों ने फोन पर लच्छेदार बातें कर प्रताप सिंह को पूरी तरह अपने विश्वास में ले लिया। भरोसा जीतने के बाद आरोपियों ने नौकरी की प्रक्रिया शुरू करने के नाम पर पैसों की मांग शुरू कर दी। अपने बच्चों को सरकारी नौकरी मिलते देखने की चाह में प्रताप सिंह शातिरों के जाल में फंस गए। उन्होंने और उनके दामाद पवन कुमार ने आरोपियों द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में गूगल पे के माध्यम से कुल 4,30,000 रुपए ट्रांसफर कर दिए।
काफी समय तक झूठे बहाने बनाते रहे शातिर
लाखों रुपए ऐंठने के बाद भी जब कई महीनों तक नौकरी का कोई अता-पता नहीं चला तो पीड़ित ने आरोपियों से सवाल-जवाब शुरू किए। शातिर काफी समय तक झूठे बहाने बनाते रहे कि फाइल आगे बढ़ी है या जल्द ऑर्डर आ जाएंगे। अंत में जब आरोपियों ने टाल-मटोल करना शुरू कर दिया और बाद में संपर्क करने से कतराने लगे तो प्रताप सिंह को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तुरंत घुमारवीं पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई।
बैंक खातों की डिटेल खंगाल रही पुलिस
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। चूंकि मामला ऑनलाइन ट्रांजैक्शन से जुड़ा है, इसलिए पुलिस साइबर सेल की मदद भी ले रही है। पुलिस उन बैंक खातों की डिटेल खंगाल रही है जिनमें पैसे भेजे गए थे, साथ ही आरोपियों की मोबाइल कॉल डिटेल्स और लोकेशन ट्रेस की जा रही है। एसपी ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
पुलिस की जनता से अपील
बढ़ते साइबर अपराध और नौकरी के नाम पर हो रही ठगी को देखते हुए जिला पुलिस ने आम जनता के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले दलालों से सावधान रहें। सरकारी नौकरी केवल योग्यता और परीक्षा के आधार पर मिलती है, पैसों के लेन-देन से नहीं। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपनी मेहनत की कमाई किसी खाते में ट्रांसफर न करें। यदि कोई ऐसा प्रलोभन देता है, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाने में दें।








