हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के उपमंडल गगरेट के तहत आने वाले संघनई गांव में बीती रात एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा पेश आया है। एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने स्कूटी को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उस पर सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है और दो परिवारों के चिराग बुझ गए हैं।
मृतकों की पहचान साहिब सिंह पुत्र गुरनाम सिंह, निवासी वार्ड नंबर-4, संघनई और ईलम दीन पुत्र सुल्तान मुहम्मद, निवासी वार्ड नंबर-2, संघनई के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दोनों युवक अपनी स्कूटी पर जा रहे थे, तभी मिट्ठू पुत्र दिल मोहम्मद द्वारा चलाई जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शी के बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है








