हिमाचल प्रदेश के लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। यदि आप अपना बिजली बिल ऑनलाइन जमा करते हैं या हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड (HPSEBL) की डिजिटल सेवाओं का उपयोग करते हैं, तो आपको अगले कुछ दिनों तक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। बोर्ड अपने उपभोक्ताओं को बेहतर और अत्याधुनिक सुविधाएं देने के उद्देश्य से अपनी वेबसाइट और बिलिंग सिस्टम में बड़ा तकनीकी बदलाव करने जा रहा है। इस प्रक्रिया के चलते प्रदेश भर में आगामी 5 दिनों तक बिजली बोर्ड की ऑनलाइन सेवाएं पूरी तरह बाधित रहेंगी।
बोर्ड द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह डिजिटल ब्लैकआउट 27 फरवरी से शुरू होगा और 3 मार्च तक जारी रहेगा। इस दौरान बोर्ड का पूरा सर्वर और एप्लिकेशन मेंटेनेंस मोड पर रहेंगे। बोर्ड के प्रवक्ता अनुराग पराशर ने बताया कि इस अपग्रेडेशन का मुख्य उद्देश्य बिल जनरेशन (बिल बनाने) और भुगतान प्रक्रिया को पहले से अधिक सटीक, तेज और प्रभावी बनाना है, ताकि उपभोक्ताओं को भविष्य में बेहतर अनुभव मिल सके।
सिस्टम अपग्रेडेशन के दौरान उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम या बोर्ड के कैश काउंटर पर बिजली बिल जमा नहीं कर पाएंगे। नए बिजली कनैक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं किया जा सकेगा। यदि कोई उपभोक्ता अपने मीटर का लोड बढ़ाना या घटाना चाहता है, तो यह सुविधा भी बंद रहेगी। इस अवधि में नए बिल जनरेट नहीं होंगे और न ही एप या वैबसाइट के जरिए बिजली आपूर्ति संबंधी शिकायतें दर्ज नहीं होंगी।
HPSEBL ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की असुविधा और आर्थिक नुकसान से बचने के लिए सतर्क रहें। बोर्ड ने सलाह दी है कि जिन उपभोक्ताओं के बिल पेंडिंग हैं, वे 27 फरवरी से पहले अपना भुगतान सुनिश्चित कर लें। यदि उपभोक्ता ऐसा नहीं करते हैं और ड्यू डेट निकल जाती है, तो उन्हें नियमों के मुताबिक अतिरिक्त शुल्क देना पड़ सकता है।
परेशानी होने पर इन नंबरों पर करें कॉल
भले ही डिजिटल सेवाएं और बिलिंग सिस्टम बंद रहेगा, लेकिन बिजली आपूर्ति सुचारू रहेगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि इस दौरान किसी के घर की बिजली गुल होती है या कोई तकनीकी खराबी आती है, तो उपभोक्ता परेशान न हों। शिकायत दर्ज करवाने के लिए उपभोक्ता बोर्ड की 24×7 हैल्पलाइन का उपयोग कर सकते हैं। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 1800-180-8060 या 1912 पर कॉल की जा सकती है। बोर्ड के अनुसार अपग्रेडेशन का कार्य पूरा होते ही 4 मार्च से वेबसाइट, मोबाइल एप और बिलिंग काउंटर्स पर सभी सेवाएं पूरी क्षमता के साथ दोबारा शुरू कर दी जाएंगी।








