वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

कांगड़ाः बस से टकराई तेज रफ्तार बाइक, युवक की मौके पर गई जान, युवती घायल

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा में एक भीषण सड़क हादसे में एक नौजवान की जान चली गई। हादसा एक तेज रफ्तार बाइक और बस के बीच हुई टक्कर के कारण हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक चालक ने हैलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण सिर पर गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी युवती गंभीर रूप से घायल है।

यह हादसा देहरा में हाईवे पर अन्नपूर्णा होटल के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार KTM बाइक पर सवार युवक और युवती तेज गति से जा रहे थे। इस दाैरान सामने से आ रही बस को देखकर बाइक चालक नियंत्रण खो बैठा। बस चालक ने बाइक को बचाने के लिए बस को दूसरी तरफ मोड़ने की कोशिश की, लेकिन टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सीधे बस के अगले टायर के नीचे जा फंसी।

हादसा इतना भयानक था कि बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठी युवती छिटककर दूर नाली में जा गिरी। मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि युवक ने हैलमेट नहीं पहना था। बस के ड्राइवर ने भी यही बात दोहराई कि अगर हैलमेट पहना होता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। इस हादसे का शिकार हुई बस भी बिल्कुल नई थी, जिस पर अभी अस्थायी नंबर ही लगा था। यह बस सोलन के कुनिहार से श्रद्धालुओं को लेकर मां बगलामुखी के दर्शनों के लिए जा रही थी।

वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक युवक और घायल युवती की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है और पुलिस उनकी शिनाख्त करने में जुटी है। हालांकि, शुरुआती तौर पर हादसे की वजह बाइक की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही को माना जा रहा है, लेकिन पुलिस जांच के बाद ही हादसे के असल कारणों का पता चल पाएगा।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!