हिमाचल प्रदेश में नशे का जाल लगातार फैलता जा रहा है। पुलिस की सख्ती के बावजूद नशा तस्कर बाज नहीं आ रहे हैं। इसी कड़ी में कांगड़ा जिला पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को चिट्टे (हैरोइन) की खेप के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
मां के घर को बनाया था नशे का अड्डा
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रिंस राणा (23) निवासी मलहेड़ (कांगड़ा) अपने मुंहबोले भाई सुधांशु सोनी (26) निवासी लड़भड़ोल (मंडी) के साथ मिलकर अपनी मां के घर से युवाओं काे जहर बांटने का काराेबार कर रहा है। सूचना पुख्ता होते ही पुलिस टीम ने जाल बिछाया और घर पर अचानक छापा मारा। इस दौरान दोनों युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस की रेड के दौरान आरोपियों के कब्जे से 32.56 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद किया गया है।
आराेपियाें के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही पुलिस
कांगड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब दोनों युवकों को रिमांड पर लेकर सख्ती से पूछताछ कर रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य इस नैटवर्क की बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालना है, ताकि यह पता चल सके कि वे यह नशा कहां से लाए थे और किन-किन युवाओं को सप्लाई करने वाले थे।







