वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

पति का जन्मदिन बना पत्नी का आखिरी दिन, वीडियाे काॅल पर हुई तकरार…फिर 2 मासूमों के सिर से उठा मां का साया

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां खुशियों का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया, जब सात समंदर पार बैठे पति के जन्मदिन पर उसे बधाई देने के लिए की गई वीडियो कॉल एक विवाहिता की जिंदगी का आखिरी संवाद बन गई। पति-पत्नी के बीच वीडियो कॉल पर हुई मामूली कहासुनी ने इतना विकराल रूप ले लिया कि आवेश में आकर पत्नी ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

घटना जिला मुख्यालय के समीपवर्ती क्षेत्र जलग्रां टब्बा की है। मृतका की पहचान 30 वर्षीय रजनी देवी, पत्नी केवल कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक रजनी का पति केवल कुमार नाइजीरिया में कार्यरत है और करीब डेढ़ वर्ष पूर्व ही रोजी-रोटी कमाने विदेश गया था। बुधवार को केवल कुमार का जन्मदिन था। इसी उपलक्ष्य में रजनी अपने पति से व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर बात कर रही थी। बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान ही पति-पत्नी के बीच किसी मुद्दे को लेकर बहस छिड़ गई। कॉल के दौरान केवल के पिता (रजनी के ससुर) ने भी उनसे बात की थी, लेकिन तब तक स्थिति सामान्य नहीं हो पाई थी।

कहासुनी के कुछ ही देर बाद रजनी गुस्से और अवसाद में अपने कमरे में चली गई। इससे पहले कि परिवार के लोग कुछ समझ पाते, उसने कमरे में पंखे से चुन्नी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। जब तक परिजन वहां पहुंचे, अनहोनी हो चुकी थी। रजनी और केवल का विवाह करीब सात वर्ष पूर्व हुआ था और उनके दो छोटे बच्चे हैं। मां की मौत और पिता के विदेश में होने के कारण बच्चे अब बेसहारा महसूस कर रहे हैं। घटना के बाद से पूरे जलग्रां टब्बा गांव में शोक की लहर है।

उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेजा तथा मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और परिजनों के बयान दर्ज किए। ऊना के एसपी सचिन हिरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एसएचओ इंस्पेक्टर गौरव भारद्वाज की देखरेख में मामले की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के सही कारणों और परिस्थितियों का पूरी तरह से खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर वह कौन सी बात थी जिसने रजनी को इतना बड़ा कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!