वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: अढ़ाई साल पहले की थी लव मैरिज…अब पत्नी ने फंदा लगाकर दी जान, पति पर लगे ये संगीन आरोप

हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमाैर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुरुवाला थाना क्षेत्र के अंतर्गत गोजर गांव में एक 26 वर्षीय विवाहिता ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान रजनी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतका की माता शिमला देवी ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि रजनी ने करीब ढाई साल पहले रामकुमार उर्फ रोहित के साथ भागकर प्रेम विवाह किया था। हालांकि शुरुआत में परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया था, लेकिन उसके बाद ही रामकुमार का व्यवहार बदल गया। वह धीरे-धीरे अपनी पत्नी के प्रति हिंसक और क्रूर होने लगा था।

परिजनों का गंभीर आरोप है कि रामकुमार पिछले दो वर्षों से रजनी के साथ अक्सर मारपीट करता था। मृतका की मां ने बताया कि प्रताड़ना इस हद तक बढ़ गई थी कि आरोपी रामकुमार रजनी और उसकी नन्ही बेटी काव्या को उनके मायके भी नहीं आने देता था। रजनी को पूरी तरह से सामाजिक और पारिवारिक रूप से काट दिया गया था, जिससे वह गहरे मानसिक तनाव में थी। इसी चलते उसने यह खाैफनाक कदम उठा लिया।

गुरुवार सुबह गोजर ग्राम पंचायत के प्रधान ने मृतका के परिजनों को फोन कर इस दुखद घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। परिजनों का स्पष्ट कहना है कि लगातार हो रही मारपीट, तंगहाली और पति द्वारा दी जा रही प्रताड़ना ने ही रजनी को यह आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर किया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने पुष्टि की है कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हर पहलू की गहराई से जांच शुरू कर दी है। एसपी नेगी ने कहा कि मृतका के पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि साक्ष्यों के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!