वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचलः ब्यास नदी में नहाने उतरे 4 युवक डूबे, ग्रामीणों ने 3 को मौत के मुंह से निकाला, 1 लापता

हमीरपुर और कांगड़ा जिले की सीमा पर स्थित भड़ोली क्षेत्र में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ब्यास नदी में नहाने उतरे चार युवक डूबने लगे। स्थानीय लोगों की तत्परता से तीन युवकों को तो सकुशल बचा लिया गया, लेकिन एक युवक का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रविवार की छुट्टी मनाने चार युवक भड़ोली के पास ब्यास नदी किनारे पहुंचे थे। नहाने के दौरान अचानक एक युवक का संतुलन बिगड़ा और वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख उसके तीन साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी के तेज बहाव में वे सभी फंस गए और डूबने लगे। युवकों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े। उन्होंने ट्यूब और रस्सियों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद तीन युवकों को बाहर निकाल लिया। हालांकि, इस आपाधापी में चौथा युवक (उम्र करीब 22 वर्ष) पानी के तेज बहाव में बह गया और आंखों से ओझल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही नादौन और ज्वालाजी पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय गोताखोरों की कोशिशें नाकाम रहने पर प्रशासन ने NDRF और SDRF की टीमों को बुलाया। सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभालते हुए नदी में सर्च ऑप्रेशन शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि नदी का जलस्तर अधिक होने के कारण लापता युवक को ढूंढने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। देर शाम तक युवक का कोई पता नहीं चल सका था।

इस हादसे के बाद प्रशासन ने एक बार फिर एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों से अपील की है वे नदी-नालों के करीब न जाएं। पानी की गहराई का सटीक अनुमान न होने के कारण ऐसे जोखिम जानलेवा साबित हो सकते हैं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!