हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सुंदरनगर उपमंडल के डैहर-समलेहु संपर्क मार्ग पर स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 4 स्कूली बच्चों सहित कुल 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए एम्स बिलासपुर में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार कार सवार बच्चे एक निजी स्कूल के छात्र हैं। वे स्कूल में अपना वार्षिक परीक्षा परिणाम लेने गए थे और वापस कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान भंतरेहड़ नाले के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा लुढ़की।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार के खाई में गिरते ही जोरदार धमाका हुआ और चीख-पुकार मच गई। बच्चों के रोने-चीखने की आवाजें सुनकर स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने बिना कोई समय गंवाए रैस्क्यू ऑप्रेशन शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी गई और सभी को एम्स बिलासपुर भेज दिया गया।
इस भीषण हादसे में घायल हुए सभी लोग बिलासपुर जिले की घुमारवीं तहसील के गांव बलोह (डाकघर नानवां) के निवासी हैं। घायलों की पहचान 65 वर्षीय कार चालक बसंत राम, 25 वर्षीय वंदना और रियांश (8), सुप्रित (10), अर्णव (8) व रिहाना के रूप में हुई है। अस्पताल में सभी का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही डैहर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के स्पष्ट कारणों का पता चल सकेगा।







