हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जयसिंहपुर उपमंडल के कुटाहन गांव में एक व्यक्ति ने अपनी 32 वर्षीय पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। सबसे ज्यादा झकझोरने वाली बात यह है कि घटना के वक्त मृतका की मासूम बेटी उसी बिस्तर पर सो रही थी और उसने अपनी आंखों के सामने मां की मौत का यह खौफनाक मंजर देखा। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
रात 3:30 बजे दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान 32 वर्षीय कालटी देवी के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम सन्नी है। बताया जा रहा है कि आरोपी सन्नी पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से परेशान था और उसका व्यवहार असामान्य हो गया था। सोमवार रात को वह अपने भाई के साथ किसी जगह झाड़-फूंक करवाने गया था। वहां से लौटने के बाद वह अपनी पत्नी को लेकर कुटाहन स्थित अपने भाई के घर आ गया। रात करीब साढ़े तीन बजे सन्नी ने अचानक कुल्हाड़ी उठाई और अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटी ने चाचा को जगाया, पुलिस ने किया गिरफ्तार
वारदात के समय घर के अन्य सदस्य गहरी नींद में थे. लेकिन बिस्तर पर मां के साथ सो रही बेटी जाग गई और उसने तुरंत अपने चाचा (आरोपी के भाई) को जगाकर घटना की जानकारी दी। भाई ने बिना देरी किए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सन्नी को हिरासत में ले लिया। डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने भी घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया।
3 बच्चे हुए बेसहारा, सहमी हुई है बेटी
आरोपी सन्नी मूल रूप से बीड़ (बैजनाथ) का रहने वाला है, लेकिन उसका परिवार लंबे समय से लंबागांव क्षेत्र में रह रहा है। मृतका के परिजन बरोट क्षेत्र के निवासी हैं, जो सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त सजा की मांग की है। इस घटना ने एक झटके में तीन बच्चों (दो बेटे और एक बेटी) के सिर से माता-पिता का साया छीन लिया है। मां की मौत और पिता के जेल जाने से बच्चे बेसहारा हो गए हैं। वहीं, अपनी आंखों के सामने मां को दम तोड़ते देखने वाली मासूम बेटी गहरे सदमे में है। पुलिस अब हत्या के असल कारणों का पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है।







