हिमाचल प्रदेश के दुर्गम क्षेत्रों में कठिन भौगोलिक परिस्थितियां और बारिश के दौरान उफनते नदी-नाले स्थानीय लोगों के लिए लगातार जानलेवा साबित हो रहे हैं। चंबा जिले के सलूणी उपमंडल से एक ऐसी ही हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां अपनी आजीविका की दिनचर्या निपटा कर घर लौट रही एक युवती की नाले में पैर फिसलने और तेज बहाव की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार सुबह युवती का शव जलाड़ी के समीप सियूल नदी से बरामद कर लिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान सलूणी उपमंडल की संघणी पंचायत के अंतर्गत आने वाले प्रेढ़ गांव निवासी शबनम पुत्री गुलाम नबी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार 19 सास की शबनम गुरुवार को जंगल में अपनी भेड़-बकरियां चराने गई थी। देर शाम जब वह अपने मवेशियों के साथ घर की ओर लौट रही थी तभी रास्ते में एक नाले को पार करते समय उसका संतुलन बिगड़ गया। पैर फिसलने के कारण वह सीधे नाले में जा गिरी। इन दिनों लगातार हो रही बारिश के कारण नाले में पानी का जलस्तर और बहाव अत्यधिक तेज था, जिसके चलते शबनम संभल नहीं पाई और देखते ही देखते पानी के तेज वेग में बह गई।
घटना की भनक लगते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस बल, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण भारी संख्या में मौके पर पहुंचे और युवती की तलाश संयुक्त रूप से सर्च ऑप्रेशन शुरू किया गया। हालांकि, रात का घुप अंधेरा और पानी का रौद्र रूप राहत और बचाव कार्य में सबसे बड़ी दीवार बन गया। रैस्क्यू टीमों ने देर रात तक कड़ा संघर्ष किया, लेकिन शबनम का कोई सुराग नहीं लग सका।
रात में अभियान रोकने के बाद शुक्रवार सुबह पहली किरण के साथ ही पुलिस और ग्रामीणों ने एक बार फिर तलाशी अभियान शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद सर्च टीम को जलाड़ी के समीप बहने वाली सियूल नदी में युवती का शव दिखाई दिया। पुलिस ने तुरंत शव को नदी से बाहर निकालकर अपने कब्जे में ले लिया है। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है
ृइस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए समीपवर्ती भांदल पंचायत के प्रधान सुरेश कुमार ने बताया कि शव बरामद कर लिया गया है और प्रशासन अपना काम कर रहा है। जवान बेटी की इस तरह अचानक हुई मौत से गुलाम नबी के परिवार पर दुखों का भारी पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, संघणी, भांदल और आसपास के पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। वहीं प्रशासन की तरफ से मृतका के परिजनों को 25 हजार रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान कर दी गई है। द प्वाइंट हिमाचल शबनम की मौत पर दुख प्रकट करता और ईश्वर से प्रार्थना करता है कि उनके परिजानों को ये दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।






