हिमाचल प्रदेश में मानसून की लगातार हो रही बारिश और खतरनाक पहाड़ी रास्तों का सफर एक परिवार के लिए काल बन गया। शुक्रवार का दिन रामपुर और कुल्लू क्षेत्र के लिए एक बेहद हृदयविदारक खबर लेकर आया। कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में हुए एक भीषण सड़क हादसे में चिकित्सा जगत के एक जाने-माने चेहरे और उनकी पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में उनकी युवा बेटी गंभीर रूप से घायल है, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार यह खौफनाक हादसा शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे आनी तहसील के अंतर्गत आने वाले राणाबाग–देऊरी सड़क मार्ग पर पेश आया। बताया जा रहा है कि देवता खुढीजल मंदिर में दर्शन करने के बाद परिवार के तीन सदस्य कार में वापस लौट रहे थे। सफर के दौरान अचानक चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से छिटक कर सीधे एक गहरी खाई में जा समाई। हादसा इतना भयानक था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में दंपति की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों की पहचान रामपुर स्थित श्रीखंड अस्पताल के संचालक एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. ब्रिज ठाकुर (60) और उनकी पत्नी सुनीता (54) के रूप में हुई है। वहीं, कार में सवार उनकी 18 वर्षीय बेटी काव्या इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई है।
कार के खाई में गिरने की भयंकर आवाज सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े और बचाव कार्य शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन का अमला भी फौरन हरकत में आ गया। कुल्लू जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार सूचना प्राप्त होते ही एक व्यापक राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। स्थानीय लोगों और बचाव दल की संयुक्त टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल काव्या को खाई से बाहर निकाला और उसे तुरंत उपचार के लिए आनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रशासनिक स्तर पर इस घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम कुल्लू, पुलिस थाना आनी, तहसीलदार आनी और बीएमओ आनी को तत्काल दे दी गई थी, जिसके बाद सभी संबंधित विभागों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। बता दें कि हिमाचल प्रदेश में इन दिनों लगातार बारिश का दौर जारी है, जिससे पहाड़ी रास्तों पर सफर करना बेहद जोखिम भरा हो गया है। फिसलन भरी सड़कें और भूस्खलन का खतरा आए दिन ऐसे हादसों को न्योता दे रहे हैं। डॉ. ब्रिज ठाकुर और उनकी पत्नी की इस असमय और दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।






