हिमाचल प्रदेश को नशे की मंडी बनाने का ख्वाब देख रहे अंतर्राज्यीय ड्रग माफिया को ऊना पुलिस ने एक करारा झटका दिया है। राज्य में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत ऊना पुलिस ने 4 क्विंटल 52 किलोग्राम से अधिक डोडा चूरा-पोस्त की खेप बरामद की है। इस मामले में पंजाब के दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके मालवाहक वाहनों को जब्त कर लिया गया है।
एसपी ऊना सचिन हिरेमठ के अनुसार पुलिस को पंजाब से हिमाचल की ओर नशे की एक बड़ी खेप आने का पुख्ता इनपुट मिला था। इसी सूचना के आधार पर 30 जुलाई की देर रात मैहतपुर पुलिस थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर अशोक कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए फतेहपुर गांव के निकट नाकाबंदी की। इस दौरान पुलिस ने एक मालवाहक गाड़ी को शक के आधार पर रोका। जब पुलिस टीम ने गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें रखे 8 बोरे बरामद हुए, जिनमें 1 क्विंटल 62 किलो 640 ग्राम डोडा चूरा-पोस्त पाया गया। पुलिस ने तुरंत वाहन में सवार दोनों तस्करों को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को कई चौंकाने वाले सुराग हाथ लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने ऊना विधानसभा क्षेत्र के लमलेहड़ा गांव में दबिश दी। यहां तस्करों की निशानदेही पर एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया गया, जिसमें साढ़े 14 बोरियाें में भरकर रखा गया 2 क्विंटल 90 किलो डोडा चूरा-पोस्त बरामद हुआ।
इस कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं। इनकी पहचान जोगा सिंह निवासी दीनोवाल खुर्द, डाकघर इब्राहिमपुर, तहसील गढ़शंकर और क्लीनर हरप्रीत सिंह निवासी गांव पंडोरी, डाकघर कोटमेरा, जिला होशियारपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने स्पष्ट किया कि मामले की हर एंगल से गहन जांच की जा रही है।







