वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

भयानक हादसा: बेटी के ससुराल शोक जताने जा रहा था परिवार, रास्ते में काल बनकर आए ट्रक ने छीन ली 5 लोगों की सांसें

नियति का खेल भी कितना क्रूर हो सकता है, इसका दर्दनाक वाकया मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में देखने को मिला है। एक परिवार जो अपनी बेटी के ससुराल में हुई मौत पर शोक जताने और ढांढस बंधाने जा रहा था, खुद एक खौफनाक हादसे का शिकार हो गया। शनिवार शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक शख्स जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।

जानकारी के मुताबिक बिजावर का रहने वाला रायकवार परिवार बोलेरो गाड़ी में सवार होकर बगौता गांव जा रहा था। परिवार के मुखिया दौलत रायकवार की बेटी अलका के ससुर का निधन हो गया था और पूरा परिवार अंतिम संस्कार के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में मातगुवां थाना क्षेत्र के चौका गांव के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बोलेरो गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए। दुर्घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देरी किए मदद का हाथ बढ़ाया और क्षतिग्रस्त गाड़ी में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की। बाद में पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर रैस्क्यू ऑप्रेशन पूरा किया।

इस दर्दनाक दुर्घटना में बिजावर निवासी 5 लोगों की मौके पर ही जान चली गई। मृतकों की पहचान दौलत रायकवार, बीना रायकवार, श्याम बाई रायकवार, संजय रायकवार और कौशल्या रायकवार के रूप में हुई है। इस खौफनाक भिड़ंत में 6 लोगों में से केवल बोलेरो चालक छोटू रायकवार ही जीवित बच सका है। हालांकि, उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर चोटों को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे ग्वालियर रैफर कर दिया गया है।

घटना की पुष्टि करते हुए एएसपी आदित्य पटले ने बताया कि पुलिस ने सभी 5 शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रक को मौके से जब्त कर लिया गया है और एफआईआर दर्ज कर ली गई है। फिलहाल पुलिस इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि हादसे में असल गलती किसकी थी। इस घटना के बाद से बिजावर में मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है। बेटी के ससुराल में पहले से ही मातम पसरा था और अब इस मनहूस हादसे ने उसके मायके को भी हमेशा के लिए उजाड़ कर रख दिया है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!