वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हरियाणा के करनाल में 27 सितम्बर को लगेगा सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट का फ्री मेडिकल कैंप

हिमाचल प्रदेश के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों से समाज सेवा की शुरुआत करने वाला सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सेवाएं देने जा रहा है। इसी कड़ी में ट्रस्ट द्वारा आगामी 27 सितम्बर 2026 को हरियाणा के करनाल स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी ऑफ हैल्थ साइंसेज (कुटेल) के सहयोग से ग्रामीण अंचलों के निवासियों के लिए एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है।

एक ही छत के नीचे मिलेगी 8 विशेषज्ञ ओपीडी की सुविधा

ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक राणा ने बताया कि इस मेगा कैंप में मरीजों को 8 अलग-अलग विभागों की सुपर-स्पैशलिटी सेवाएं निःशुल्क मिलेंगी। इनमें अस्थि रोग, नेत्र रोग, कान-नाक-गला, चर्म रोग, शिशु रोग, स्त्री रोग एवं प्रसूति, जनरल मेडिसिन और हृदय रोग शामिल हैं। कैंप में देश के जाने-माने अस्पतालों के विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों की जांच करेंगे। जरूरत पड़ने पर निःशुल्क दवाइयां और आगे के इलाज के लिए भी संस्था द्वारा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

आर्थिक तंगी और दूरी न बने इलाज में बाधा

अभिषेक राणा ने ट्रस्ट के विजन को स्पष्ट करते हुए कहा कि संस्था का एकमात्र लक्ष्य उन लोगों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है, जो आर्थिक तंगी या अस्पतालों की दूरी के कारण अच्छे इलाज से वंचित रह जाते हैं। वर्षों तक हिमाचल में सेवाएं देने के बाद अब इस मुहिम को देश के अन्य राज्यों में भी बढ़ाया जा रहा है।

सुजानपुर में राजनीति के कारण टला कैंप, मरीजों का हुआ नुक्सान

इस दौरान अभिषेक राणा ने हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर में प्रस्तावित कैंप के रद्द होने पर गहरा खेद जताया। उन्होंने कहा कि सुजानपुर में राजनीतिक कारणों से हमें कैंप के लिए स्थान नहीं दिया गया, जिससे कैंप टालना पड़ा। इससे संस्था का नहीं, बल्कि इलाज की प्रतीक्षा कर रहे उन गरीब मरीजों का भारी नुक्सान हुआ है। राणा ने स्पष्ट किया कि उनके लिए सेवा कार्य राजनीति से बहुत ऊपर है और मरीजों की तकलीफ दूर करना ही उनकी प्राथमिकता है।

हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष और यूनिवर्सिटी का जताया आभार

अभिषेक राणा ने करनाल में इस कैंप को संभव बनाने के लिए हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण के प्रति विशेष कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि स्पीकर हरविंदर कल्याण के सक्रिय सहयोग और सकारात्मक मार्गदर्शन के बिना यह पुनीत कार्य संभव नहीं था। जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता संस्था के लिए प्रेरणा स्रोत है। इसके साथ ही उन्होंने पंडित दीन दयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी प्रबंधन का भी आभार जताते हुए कहा कि यह सहभागिता साबित करती है कि जब प्रशासन और समाजसेवी संस्थाएं मिलकर काम करती हैं, तो सीधा लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचता है।

मानवसेवा अभियान निरंतर जारी रहेगा

राणा ने स्पष्ट किया कि सुजानपुर में मार्ग अवरुद्ध होने के बावजूद संस्था ने सेवा कार्य रोकने के बजाय इसका विस्तार करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि हमारा संघर्ष किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि मरीजों की पीड़ा से है और यह मानवसेवा अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!