वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल के मंडी में दिल दहला देने वाली घटना, जहरीले सांप ने छीन ली 2 सगे मासूम भाई-बहनों की जिंदगी

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के कोटली क्षेत्र के सेहली गांव में एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। एक जहरीले सांप के डसने से 9 वर्षीय बहन और उसके 6 वर्षीय छोटे भाई की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात सेहली गांव के इस परिवार के लिए किसी भी अन्य सामान्य दिन जैसी ही थी। दोनों बच्चे (काव्या और नक्ष) रात करीब 9:30 बजे खाना खाकर एक साथ सो गए थे। आधी रात के बाद करीब 2:30 बजे अचानक 9 साल की काव्या नींद से जागी और उसने तेज पेट दर्द की शिकायत की।

परिवार अभी बच्ची को संभालने की कोशिश कर ही रहा था कि कुछ ही मिनटों बाद 6 साल के छोटे भाई नक्ष को भी असहनीय पेट दर्द होने लगा। रात के उस पहर में परिजनों ने इसे सामान्य पेट दर्द समझा और घर पर ही बच्चों को आराम देने के लिए प्राथमिक उपाय करने लगे। जैसे-जैसे समय बीत रहा था, बच्चों की हालत सुधरने के बजाय तेजी से बिगड़ने लगी। वे दर्द से तड़पने लगे। इसी अफरा-तफरी के बीच परिजनों की नजर घर के दरवाजे के पास कुंडली मारे बैठे एक काले सांप पर पड़ी। सांप को देखते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। उन्हें यह समझते देर नहीं लगी कि बच्चों को पेट दर्द नहीं है, बल्कि उन्हें इस जहरीले सांप ने डस लिया है।

सच्चाई सामने आते ही परिजन बदहवास हालत में दोनों बच्चों को लेकर तुरंत जोनल अस्पताल मंडी की ओर भागे। वहां डॉक्टरों ने बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें लाल बहादुर शास्त्री राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (नेरचौक) रेफर कर दिया। लेकिन, जहर बच्चों के मासूम शरीरों में पूरी तरह फैल चुका था। शनिवार सुबह जब बच्चे नेरचौक अस्पताल पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों भाई-बहनों को मृत घोषित कर दिया। शनिवार सुबह 7:26 बजे अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को इस दर्दनाक घटना की सूचना दी।

नेरचौक मेडिकल कॉलेज में हुए पोस्टमार्टम की रिपोर्ट ने यह स्पष्ट कर दिया है कि काव्या और नक्ष की मौत सांप के घातक जहर के कारण हुई है। मंडी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

अक्सर ग्रामीण इलाकों में रात के समय सांप काटने पर लक्षण स्पष्ट नहीं होते। कई जहरीले सांपों के काटने पर निशान नहीं दिखते और जहर सीधे नर्वस सिस्टम पर असर करता है, जिससे शुरुआत में पेट दर्द, उल्टी या नींद आने जैसे लक्षण महसूस होते हैं। सेहली गांव की यह घटना एक चेतावनी है कि खासकर मानसून और उसके बाद के मौसम में रात के समय बच्चों में अचानक पेट दर्द या घबराहट होने पर सांप के काटने की आशंका को भी ध्यान में रखना चाहिए और बिना समय गंवाए तुरंत बड़े अस्पताल का रुख करना चाहिए।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!