हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित अब्दुलापुर में रविवार दोपहर खेलों का उत्साह उस वक्त एक बड़े हादसे में तब्दील हो गया, जब एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान भवन का छज्जा ढह गया। मैच देखने की होड़ और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते हुए इस हादसे में करीब 20 से 22 लोग घायल हो गए हैं।
दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार रविवार को उम्मीद फाऊंडेशन की ओर से कबड्डी लीग का सेमीफाइनल मुकाबला आयोजित किया गया था। मैच को लेकर स्थानीय लोगों में भारी उत्साह था। ठीक उसी समय अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी और डीएसपी अजय ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि मैदान में पहुंचे थे। इसी दौरान मैच देखने के लिए एक भवन के लैंटर पर क्षमता से अधिक लोग जमा हो गए। अत्यधिक भार के कारण लैंटर का छज्जा भरभराकर टूट गया। इसके चलते छज्जे पर खड़े और नीचे कुर्सियों पर बैठे दर्शक घायल हो गए।

हादसे के बाद आयोजन स्थल पर अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों और आयोजकों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से सिविल अस्पताल कांगड़ा ले जाया गया। सिविल अस्पताल कांगड़ा की सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. अल्पना कायस्था ने बताया कि अस्पताल पहुंचते ही सभी घायलों का आपातकालीन इलाज शुरू कर दिया गया। हालांकि, सिर और शरीर पर गहरी चोटें आने के कारण तीन युवाओं हर्ष (14), सुजल (18) और मोहित (19) को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तुरंत टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
इतने बड़े खेल आयोजन में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा मानकों में हुई इस भारी चूक ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस प्रशासन अब यह पता लगाने में जुट गया है कि आयोजन में सुरक्षा की क्या व्यवस्था थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयोजकों से पुलिस द्वारा कड़ी पूछताछ की जा रही है।







