वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

नेपाल से रोजी-रोटी कमाने हिमाचल आया था शख्स, मंडी-कुल्लू हाईवे पर एक हादसे ने छीन ली सांसें

मंडी-कुल्लू हाईवे पर मंगलवार को औट टनल के भीतर एक सड़क हादसा पेश आया। यहां एक ट्रैवलर गाड़ी ने नेपाली मूल के एक पुहाल (चरवाहे) और उसकी भेड़ों को बुरी तरह कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने एम्स बिलासपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में तीन भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक भेड़ घायल बताई जा रही है। मृतक की पहचान रविन बटाला के रूप में हुई है। रविन मूल रूप से नेपाल के रुकुम जिले के अंतर्गत आने वाले विजयेश्वरी गांव का रहने वाला था और यहां पुहाल का काम करता था।

घटनाक्रम के अनुसार मंगलवार को जब रविन अपनी भेड़ों के साथ औट टनल से गुजर रहा था, तभी एक ट्रैवलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही औट पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑप्रेशन शुरू किया। गंभीर रूप से घायल रविन को सबसे पहले नगवाईं स्थित सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। हालत बिगड़ने पर उसे कुल्लू जिला अस्पताल और फिर वहां से एम्स बिलासपुर के लिए रेफर कर दिया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था और रविन ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

औट थाना पुलिस ने घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस एंगल से जांच कर रही है कि टनल के भीतर यह हादसा कैसे घटित हुआ और क्या यह ओवरस्पीडिंग या विजिबिलिटी की कमी का नतीजा था। घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!