वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: नशे की कमाई से बना लीं आलीशान कोठियां…अब तस्कर परिवार पर चला कानून का हंटर, 1 करोड़ से अधिक की संपत्तियां फ्रीज

हिमाचल प्रदेश में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस की रणनीति अब पूरी तरह से बदल चुकी है। पुलिस का फोकस अब सिर्फ नशीले पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि ड्रग मनी से खड़े किए गए करोड़ों के साम्राज्यों को नेस्तनाबूद करने पर है। इसी कड़ी में कांगड़ा जिले की नूरपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए इंदौरा थाने में दर्ज एक एनडीपीएस मामले में नशा तस्कर परिवार की 1 करोड़ 1 लाख रुपए से अधिक की संपत्तियों को फ्रीज कर दिया है।

नूरपुर पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई में तस्कर दलवीरो और उसके परिवार के सदस्यों की तीन प्रमुख संपत्तियों को एनडीपीएस एक्ट की कड़ी धाराओं के तहत कुर्क किया गया है। फ्रीज की गई संपत्तियों में दलवीरो की 61.96 लाख रुपए की कीमत वाली एक आलीशान कोठी, दलवीरो के बेटे मिथुन उर्फ छप्पर का 32.60 लाख रुपए का घर, लग्जरी फर्नीचर और अन्य घरेलू सामान और बेटी घरो देवी के नाम पर खरीदी गई 6.98 लाख रुपए की कार शामिल है।

इस केस की सबसे अहम बात यह है कि पुलिस ने पारंपरिक जांच से एक कदम आगे बढ़कर वित्तीय जांच का सहारा लिया। तस्करों की काली कमाई के स्रोतों का पता लगाने के लिए पुलिस टीमों ने राजस्व विभाग, आयकर विभाग और वाहन पंजीकरण के तमाम दस्तावेजों को खंगाला। जांच में साफ हो गया कि यह पूरी संपत्ति खून-पसीने की कमाई से नहीं, बल्कि युवाओं की रगों में जहर घोलकर कमाए गए पैसों से बनाई गई थी।

इस मामले की मुख्य सूत्रधार दलवीरो के खिलाफ अदालत भी सख्त रुख अपना चुकी है। बीते 1 अप्रैल को न्यायालय ने इस मामले में दलवीरो को दोषी करार देते हुए 10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई थी। इसके साथ ही उस पर 1 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, दलवीरो और उसके बेटे मिथुन का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और दोनों पर एनडीपीएस के कई अन्य मामले भी दर्ज हैं।

नूरपुर पुलिस प्रशासन ने इस कार्रवाई के बाद कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि नशे के खिलाफ उनका यह जीरो टॉलरेंस अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा माफियाओं की कमर तोड़ने का एकमात्र तरीका उनकी आर्थिक जड़ें काटना है। आने वाले दिनों में ऐसे अन्य तस्करों की संपत्तियों पर भी हथौड़ा चलेगा और समाज में जहर घोलने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!