वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

बिलासपुर: घुमारवीं बस स्टैंड पर भयानक हादसा, HRTC बस की चपेट में आकर बुझ गया घर का चिराग

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं बस स्टैंड पर बुधवार को हुए एक सड़क हादसे ने तहसील घुमारवीं के गांव हारकुकार के एक परिवार से उसका बेटा छीन लिया। हादसे में 34 वर्षीय पंकज पुत्र जय सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह पूरी घटना मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई है।

जानकारी के अनुसार जंगलबेरी से शिमला रूट पर जाने वाली एचआरटीसी इलेक्ट्रिक बस बुधवार को घुमारवीं बस स्टैंड से रवाना हो रही थी। बस जैसे ही स्टैंड से बाहर निकलने लगी, पंकज बस के पिछले टायर की चपेट में आ गया। हादसा बस स्टैंड के समीप एक गारमेंट्स की दुकान के पास हुआ। हादसा इतना भयानक था कि युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे के तुरंत बाद बस स्टैंड परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और दुकानदार मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस थाना घुमारवीं की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

एसपी अभिषेक धीमान ने बताया कि घुमारवीं बस स्टैंड के पास हुए इस सड़क हादसे में पंकज पुत्र जय सिंह निवासी हारकुकार की मौत हुई है। इस संबंध में पुलिस थाना घुमारवीं में मामला दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना में शामिल एचआरटीसी बस को कब्जे में ले लिया गया है। एसपी ने बताया कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने बस के चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर आगामी कार्रवाई में जुटी है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!