वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: सड़क पर जमी ब्लैक आइस में फिसली गाड़ी….3 सवारों को लेकर खाई में गिरी, पति-पत्नी की मौत

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति में गुरुवार का दिन एक परिवार के लिए कभी न भरने वाला जख्म दे गया। तांदी-प्यूकर संपर्क मार्ग पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में कुल्लू के कटराईं निवासी एक युवा दंपति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सड़क पर जमी ब्लैक आइस की वजह से हुए इस हादसे ने एक हंसते-खेलते जोड़े की जिंदगी छीन ली।

यह दुर्घटना गुरुवार शाम करीब चार बजे तांदी स्थित पेट्रोल पंप के समीप पेश आई। जानकारी के अनुसार, एक पिकअप वाहन में सवार होकर दो पुरुष और एक महिला गोजंग गांव से तांदी की तरफ आ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक नाले का पानी सड़क पर जमा होने के कारण फिसलन बनी हुई थी। चालक ने जब इस हिस्से को पार करने की कोशिश की, तो वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते पिकअप सड़क से फिसलकर सीधे नीचे नाले में जा गिरी।

हादसा इतना भयानक था कि वाहन में सवार 24 वर्षीय अजय (पुत्र दीवान चंद) और उनोकी पत्नी अंजली निवासी कटराईं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, वाहन में सवार तीसरा व्यक्ति सक्षम पुत्र जवाहर लाल, निवासी लपशक गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही केलांग पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल और शवों को खाई से बाहर निकाला।

पुलिस ने तुरंत घायल युवक को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल केलांग पहुंचाया। अस्पताल की मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज डॉ. सुषमा स्वांगला ने बताया कि घायल सक्षम को तुरंत चिकित्सा सहायता दी गई है और राहत की बात यह है कि अब उसकी हालत खतरे से बाहर है।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी केलांग केडी शर्मा ने बताया कि तांदी पटवार सर्कल के पटवारी से मिली प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, नाले में पानी के जमाव के कारण ही वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, युवा दंपति की अचानक हुई मौत की खबर से उनके गांव कटराईं में शोक की लहर दौड़ गई है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!