वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: एक ही मामले में 38 नशा तस्कर गिरफ्तार, शिमला पुलिस ने जब्त की 1.38 करोड़ से अधिक की संपत्ति

हिमाचल प्रदेश की शिमला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। मात्र 27 ग्राम चिट्टे की बरामदगी से शुरू हुई पुलिस की तफ्तीश ने करोड़ों रुपए के एक संगठित नैटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को खंगालते हुए इस मामले में अब तक कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और काली कमाई से अर्जित 1.38 करोड़ रुपए से अधिक की चल संपत्तियां जब्त कर ली हैं।

नशे की काली कमाई से खड़ा किया था गाड़ियों का काफिला

पुलिस द्वारा की गई वित्तीय जांच (Financial Investigation) में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपियों ने अवैध कारोबार के जरिए अकूत संपत्ति इकट्ठा की थी। पुलिस ने 6 मुख्य आरोपियों और उनके 6 सहयोगियों सहित कुल 12 लोगों के नाम पर पंजीकृत संपत्तियों को चिन्हित कर उन्हें जब्त कर लिया है। जब्त की गई संपत्तियों में व्यावसायिक वाहनों से लेकर लग्जरी कारें तक शामिल हैं, जिनमें एक इकोमेट ट्रक, एक आयशर टिपर, हुंडई वेन्यू, टोयोटा ग्लांजा, हुंडई आई-20, मारुति स्विफ्ट, बोलेरो कैंपर, मारुति इग्निस, सेलेरियो, ईको और 2 एप्पल आईफोन शामिल हैं।

डिजिटल फुटप्रिंट और बैंक खातों से खुला 1.5 करोड़ का राज

इस पूरे नैक्सस की जड़ें खंगालने के लिए पुलिस ने वर्ष 2026 में एनडीपीएस एक्ट के अध्याय वी-ए के तहत गहन वित्तीय अन्वेषण शुरू किया। जांच टीम ने आरोपियों और उनके करीबियों के बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजैक्शन, आयकर रिटर्न, राजस्व रिकॉर्ड और परिवहन विभाग के दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की। जांच के दौरान मुख्य आरोपी संदीप शाह और उसके सहयोगियों के खातों में यूपीआई व अन्य बैंकिंग माध्यमों से 1.5 करोड़ रुपए से अधिक का संदिग्ध लेन-देन पाया गया। आरोपी इन संपत्तियों की खरीद के पीछे अपनी वैध आय का कोई भी पुख्ता स्रोत प्रस्तुत नहीं कर सके, जिसके बाद धारा 68ई और 68एफ(1) के तहत इन्हें फ्रीज और सीज करने की कानूनी कार्रवाई की गई।

एक साल पहले दंपति की गिरफ्तारी से मिला था पहला सुराग

इस विशाल नेटवर्क के पतन की शुरुआत 3 मार्च 2025 को हुई थी। रामपुर के कुढीधार क्रशर के पास नियमित गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध वाहन को रोका था। तलाशी लेने पर वाहन में सवार मंडी जिले के करसोग निवासी सोहन लाल और उसकी पत्नी गीता श्रेष्ठ के कब्जे से करीब 27 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद हुआ था। पुलिस ने 4 मार्च 2025 को रामपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं और भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 के तहत मामला दर्ज किया था। एक छोटे से सुराग से शुरू हुई यह जांच पुलिस की वैज्ञानिक और वित्तीय कार्यप्रणाली की बदौलत आज नशे के एक बड़े नैटवर्क के खात्मे तक पहुंची है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की संपत्तियों की भी जांच जारी है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!