वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

मंडी: शादी से लौट रहे होमगार्ड जवान और DSP के PSO के साथ हुआ हादसा, 5 साल की मासूम के सिर से उठा पिता का साया

मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में सड़क सुरक्षा के अधूरे इंतजामों के बीच हुए एक दर्दनाक हादसे ने 5 साल की मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया छीन लिया। जबोठी खड्ड के पास पुल के जिस हिस्से में आज तक पैरापिट या क्रश बैरियर नहीं लगाया गया, ठीक वहीं से एक कार अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 39 वर्षीय होमगार्ड जवान जयपाल की मौत हो गई, जबकि कार चला रहे डीएसपी सरकाघाट के पीएसओ संजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।

शादी समारोह से लौटते वक्त आधी रात को हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार यह हादसा बीते 10 नवम्बर की रात करीब 12:30 बजे हुआ। भद्रवाड़ निवासी होमगार्ड जवान जयपाल पुत्र प्रभु राम और डीएसपी के पीएसओ संजय कुमार एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद अपनी निजी कार से वापस सरकाघाट लौट रहे थे। जबोठी खड्ड के पुल के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और पुल के दाईं ओर से सीधे नीचे खड्ड में जा गिरी।

पंप ऑप्रेटर ने क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाले दोनों घायल

आधी रात के सन्नाटे में कार गिरने की तेज आवाज पास के पंप हाऊस में ड्यूटी पर तैनात ऑप्रेटर राजेश कुमार ने सुनी। राजेश ने तुरंत मौके पर पहुंचकर साहस दिखाया और दोनों घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। उन्होंने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों को नागरिक अस्पताल बलद्वाड़ा पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने होमगार्ड जवान जयपाल को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल संजय कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर भेज दिया गया।

डीएसपी ने दिया अर्थी को कंधा, सलामी के साथ हुई अंतिम विदाई

बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद जब जवान जयपाल का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव भद्रवाड़ पहुंचा तो पूरे इलाके में मातम पसर गया। जयपाल अपने पीछे बूढ़ी मां, पत्नी और एक पांच साल की मासूम बेटी को छोड़ गए हैं। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल तब और भावुक हो गया जब डीएसपी सरकाघाट संजीव गौतम ने खुद आगे बढ़कर जवान की अर्थी को कंधा दिया। डीएसपी संजीव गौतम और एसएचओ रजनीश ठाकुर ने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान मंडी से आई होमगार्ड की टुकड़ी ने कमांडेंट मेहर चंद की मौजूदगी में अपने साथी को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद सैंकड़ों नम आंखों ने जवान को अंतिम विदाई दी।

हादसे के बाद सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

इस दुखद घटना ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा के दावों की पोल खोलकर रख दी है। घटनास्थल पर जहां से कार नीचे खड्ड में गिरी, वहां सुरक्षा के लिए कोई पैरापिट या क्रश बैरियर मौजूद ही नहीं है। स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर गहरा रोष है कि यदि समय रहते इस डेंजर जोन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए होते, तो शायद कार को खड्ड में गिरने से रोका जा सकता था और एक हंसता-खेलता परिवार यूं उजड़ने से बच जाता।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!