वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

ऊना: रसोई में मौत बनकर फटी गैस पाइप…मां-बाप से छिन गई 3 साल की मासूम, गोलगप्पे वाले के घर पसरा मातम

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के मरवाड़ी बाजार में बीती रात एक प्रवासी परिवार पर ऐसा कहर टूटा कि देखने वालाें का दिल दहल गया। रोजी-रोटी की तलाश में सैंकड़ों मील दूर मध्य प्रदेश से आए एक गोलगप्पे वाले की दुनिया एक झटके में उजड़ गई, जब रसोई गैस की पाइप फटने से लगी आग ने उसकी 3 साल की मासूम बेटी को हमेशा के लिए छीन लिया। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के अनुसार मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले कुमेश सिंह कुशवाह अपने परिवार के साथ मरवाड़ी में डॉक्टर शेर सिंह के क्वार्टर में रहते हैं। कुमेश दिनभर बाजार में गोलगप्पे की रेहड़ी लगाकर परिवार का पेट पालते हैं, इस उम्मीद में कि उनकी बेटी रागिनी का भविष्य संवर सके।

मंगलवार रात जब पूरा परिवार दिनभर की थकान के बाद आराम कर रहा था कि तभी अचानक रसोई में एक जोरदार धमाका हुआ। जब तक कोई कुछ समझ पाता, रसोई गैस सिलैंडर की पाइप फट चुकी थी और आग की लपटों ने कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। बदकिस्मती से इसमें 3 वर्षीय मासूम रागिनी बुरी तरह झुलस गई। माता-पिता ने अपनी जान की परवाह न करते हुए बेटी को बचाने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन वह अपनी लाडली को बचा नहीं पाए।

धमाके और चीख-पुकार की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी एसआई रविपाल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया है।

इस हादसे ने उस गरीब पिता के सपनों को जलाकर राख कर दिया है जो अपनी बेटी की एक मुस्कान के लिए दिनभर मेहनत करता था। कुमेश और उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी आंखों के सामने बस अपनी बेटी का हंसता-खेलता चेहरा घूम रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हादसा लापरवाही थी या कोई और वजह।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!