वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल में सांसें अटका देने वाला हादसा, खाई के मुहाने पर लटका राशन से भरा ट्रक…चालक ने ऐसे बचाई खुद की जान

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के दुर्गम जनजातीय क्षेत्र पांगी में एक ऐसा खौफनाक मंजर सामने आया, जिसने लोगों की सांसें अटका दीं। पांगी-साच पास मार्ग पर बगोटू के पास राशन की सप्लाई लेकर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर गहरी खाई के मुहाने पर हवा में लटक गया। गनीमत यह रही कि ट्रक चालक ने सूझबूझ का परिचय दिया और एक सैकेंड की भी देरी किए बिना ब्रेक लगाकर ट्रक से सुरक्षित नीचे कूद गया, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा टल गया। इस हादसे के कारण साच-पास मार्ग पर यातायात पूरी तरह से ठप्प हो गया। भारी बारिश और खराब मौसम के बीच करीब 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद वीरवार शाम को मार्ग को दोबारा बहाल किया जा सका, तब जाकर राहगीरों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को राशन से लदा यह ट्रक पांगी की तरफ जा रहा था। साच पास की ओर जाने वाला यह मार्ग बेहद तंग और खतरनाक है। बगोटू के पास जैसे ही चालक ने एक तीखा मोड़ काटा, ट्रक का संतुलन बिगड़ गया। ट्रक के अगले पहिए सड़क से उतर गए और उसका आधा हिस्सा गहरी खाई की तरफ हवा में लटक गया। ऐसे खौफनाक हालात में चालक की सूझबूझ ही उसकी जान बचा पाई।

ट्रक के सड़क पर इस तरह फंसने से पांगी-साच जोत मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस मार्ग के संकरा होने के कारण, किसी भी गाड़ी के खराब होने पर उसे तुरंत साइड करना नामुमकिन होता है। मार्ग बंद होने से घाटी के किसानों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब एक दर्जन टैक्सियों के साथ-साथ मटर की नकदी फसल से लदे कई वाहन भी सड़क पर ही फंसे रहे।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन हरकत में आया और लोक निर्माण विभाग की टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। अधिशासी अभियंता रवि कुमार शर्मा ने खुद मौके पर पहुंचकर राहत और मार्ग बहाली के काम की कमान संभाली। ट्रक को सीधे खींचना खतरनाक हो सकता था, इसलिए पहले ट्रक में लदे राशन को सावधानीपूर्वक दूसरे वाहन में शिफ्ट किया गया। इसके बाद भारी बारिश के बीच जेसीबी मशीन की मदद से हवा में लटके ट्रक को सुरक्षित बाहर निकाला गया। जब सड़क से ट्रक को पूरी तरह हटा लिया गया, तब जाकर फंसी हुई टैक्सियों और मटर के वाहनों को आगे रवाना किया गया। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि जब तक पहाड़ी मार्गों पर स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाती, तब तक अनावश्यक यात्रा से बचें और संयम बनाए रखें।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!