जिंदगी और मौत के बीच महज चंद सैकेंड का फासला कैसे होता है, इसका खौफनाक मंजर शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के जिला लाहौल-स्पीति के उदयपुर-पांगी मार्ग पर देखने को मिला। कडू नाला के समीप पहाड़ी से अचानक हुए भूस्खलन के चलते भारी-भरकम चट्टानें पांगी जा रही टाटा सूमो (एचपी 01 एम-2210) पर आ गिरीं। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी में सवार 15 लोगों में से 13 की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 यात्रियों ने चलती गाड़ी से बाहर कूदकर अपनी जान बचा ली। मृतकों में महज 6 महीने की एक मासूम बच्ची भी शामिल है। इस हादसे के बाद पूरी पांगी घाटी में मातम पसर गया है।
जानकारी के अनुसार यह वाहन उदयपुर से चंबा जिले की पांगी घाटी की ओर जा रहा था। कडू नाला के पास अचानक भूस्खलन हुआ और बड़ी-बड़ी चट्टानें सीधे गाड़ी के ऊपर आ गिरी। लाहौल-स्पीति की एसपी शिवानी मेहला ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि वाहन में कुल 15 लोग सवार थे, जिनमें से 13 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो लोग फुर्ती दिखाते हुए वाहन से बाहर कूदने में सफल रहे, जिससे उनकी जान बच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन के राहत-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर शवों को मलबे से बाहर निकाला।
ज्यादातर मृतक चम्बा जिले के भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले थे। इस हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, मंत्रियों, विधायकों व अन्य नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदनाएं प्रकट करते हुए चम्बा और लाहौल-स्पीति, दोनों जिलों के प्रशासन को प्रभावित परिवारों को फौरी राहत और हरसंभव सहायता मुहैया कराने के सख्त निर्देश दिए हैं।
हादसे में जान गंवाने वाले अभागे यात्रियों की सूची…
1. आरवी (महज 6 माह), पुत्री छेरिंग दोरजे (निवासी चालिंग, करपट, उदयपुर)
2. सोनम आगमो, पत्नी छेरिंग दोरजे (निवासी चालिंग, करपट, उदयपुर)
3. वीर सिंह (चालक), पुत्र लाल चन्द (निवासी शूण, उदीण, पांगी)
4. वीर सिंह (35), पुत्र सूरम चन्द (निवासी घिसल, साच, पांगी)
5. सौरभ सिंह (12), पुत्र वीर सिंह (निवासी घिसल, साच, पांगी)
6. बुद्धि सिंह (46), पुत्र सामल दास (निवासी आंच, पांगी)
7. कमला (40), पत्नी बुद्धि सिंह (निवासी साच, पांगी)
8. अनिल कुमार (26), पुत्र हरी किशन (निवासी साच, पांगी)
9. रेखा, पुत्री महेन्द्र कुमार (निवासी हिलोर, साहली, पांगी)
10. अंजना (24), पुत्री चैन सिंह (निवासी साहली, पांगी)
11. संजय, पुत्र मोहन लाल (निवासी कुमार, पांगी)
12. मंगल चन्द, पुत्र सुखदेव (निवासी चस्क, पांगी)
13. इन्द्र सिंह (42), पुत्र पुनी चन्द (निवासी कुठाह, धरवास, पांगी)
नीचे क्लिक कर देखें वीडियो…







