हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में एचआरटीसी की एक बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। एक तरफ गहरी खाई थी और दूसरी तरफ बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार, लेकिन संकट के इस क्षण में बस चालक ने गजब की सूझबूझ दिखाई। उसने अपनी जान की परवाह किए बिना बस को खाई में गिरने से बचाने के लिए सड़क किनारे एक दीवार से टकरा दिया।
जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की यह बस अपने निर्धारित शैड्यूल के तहत दोपहर 3:15 बजे लडभड़ोल से गंगोटी के लिए रवाना हुई थी। वापसी के सफर के दौरान शाम करीब 4 बजे जब बस रैंस इलाके के पास पहुंची, तो अचानक बस का एयर प्रेशर सिस्टम फेल हो गया। प्रेशर खत्म होते ही ब्रेक ने पूरी तरह से काम करना बंद कर दिया और ढलान पर बस तेजी से अनियंत्रित होने लगी।
जैसे ही चालक को ब्रेक फेल होने का अहसास हुआ, उसने पैनिक के बजाय तुरंत फैसला लिया। सामने सैंकड़ों फुट गहरी खाई मौत बनकर खड़ी थी। चालक ने पूरी ताकत से स्टीयरिंग घुमाकर बस को सड़क किनारे बनी एक सुरक्षा दीवार से टकरा दिया। जोरदार टक्कर के बाद बस सड़क पर ही पलट गई। यदि चालक यह फैसला लेने में चंद सैकेंड की भी देरी करता, तो बस सीधे खाई में जा गिरती, जिसका अंजाम बेहद भयावह हो सकता था।
गनीमत यह रही कि हादसे के वक्त बस में भीड़ नहीं थी। बस में केवल एक महिला, दो छोटी बच्चियां और दो युवतियां ही सवार थीं। बस के पलटते ही चीख-पुकार मच गई। जोरदार धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी घबराई हुई सवारियों और बस स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आई हैं।
इस खौफनाक घटना की सूचना मिलते ही एचआरटीसी प्रशासन हरकत में आ गया है। एचआरटीसी धर्मशाला के मंडलीय प्रबंधक पंकज चड्ढा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बस पलटने की रिपोर्ट प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि निगम की तकनीकी टीम को मामले की जांच सौंप दी गई है। यह पता लगाया जा रहा है कि सफर के बीच में अचानक बस का प्रेशर कैसे डाऊन हुआ और ब्रेक फेल होने के पीछे क्या तकनीकी खामी थी।







