हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम एक बस पहाड़ से गिरे मलबे की चपेट में आकर दब गई। इस हादसे में अब तक 15 लाेगाें के मारे जाने की पुष्टी जिला प्रशासन द्वारा की गई है, वहीं 2 बच्चाें को सुरक्षित निकाला गया। यह हादसा बरठीं के पास भलू नामक स्थान पर शाम 6:25 बजे हुआ। हादसे के दाैरान बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी कि भलू के पास बस पर पहाड़ का मलबा गिर गया। बस की केवल छत नजर आ रही थी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना प्रशासन को दी, जिसके बाद रैस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि ज्यादातर मलबा हटाया जा चुका है। ऐसा लग रहा है कि बस में 17 ही लोग सवार थे। बस में बचे हुए मलबे को हटाने का काम जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोई और यात्री बस में न दबा हो।
इस दुखद घटना पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री सहित कई बड़े नेताओं ने गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ितों के प्रति संवेदना जताई है। राष्ट़पति द्राैपदी मुर्मू ने दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए साेशल मीडिया पर पाेस्ट में लिखा है कि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुई दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मैं संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
पीएम नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा है कि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में हुई एक दुर्घटना में हुई जानमाल की हानि से गहरा दुख हुआ है। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। उन्होंने आगे लिखा- प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ पूरी मज़बूती से खड़ी है और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री निरंतर जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि घायलों को तुरंत उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया जाए और उनके इलाज की पूरी व्यवस्था की जाए। मुख्यमंत्री शिमला से पूरे हालात की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा है कि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में भूस्खलन के कारण हुए बस हादसे से मन अत्यंत दुखी है। एनडीआरएफ की टीमें घटना स्थल पर पहुंच चुकी हैं और बचाव कार्य में लगीं हैं। इस हादसे में जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
वहीं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में लिखा है कि हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता क्षेत्र में हुए भीषण भूस्खलन में एक बस के चपेट में आने से कई लोगों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुःखद है। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से दुर्घटना स्थल पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल व भाजपा कार्यकर्ताओं को पीड़ितों की तत्काल सहायता में लगाने का अनुरोध किया और बिलासपुर एम्स प्रशासन को त्वरित उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। शोक संतप्त परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं एवं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में आत्मबल प्रदान करें।








