वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

‘ऑप्रेशन सिंदूर’ की वीरांगना का सेना में बजा डंका, हिमाचल की बेटी पूजा ने संभाली बड़ी कमान

हिमाचल प्रदेश की वीरभूमि ने एक बार फिर देश को गौरवान्वित किया है। मंडी जिले के सुंदरनगर की बेटी और सरकाघाट की बहू मेंजर पूजा ठाकुर ने भारतीय सेना में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। उन्हें पदोन्नत कर लैफ्टिनैंट कर्नल नियुक्त किया गया है। यह पदोन्नति न केवल उनके शानदार सैन्य करियर में एक मील का पत्थर है, बल्कि यह पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गौरव का क्षण है।

लैफ्टिनैंट कर्नल पूजा ठाकुर के लिए देश सेवा एक विरासत है, जो उन्हें खून में मिली है। वह एक ऐसे परिवार से आती हैं, जहां पीढ़ियों से देश की सेवा एक परंपरा रही है। उनके पिता भी भारतीय सेना में एक अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। यही नहीं, उनके ससुर लैफ्टिनैंट कर्नल बलबीर सिंह (सेवानिवृत्त) भी सेना में अपनी गौरवशाली सेवाएं दे चुके हैं। सुंदरनगर के निहरी गांव में जन्मी पूजा का विवाह सरकाघाट के कलश वार्ड में हुआ है। इस तरह वह दो सैन्य परिवारों की इस गौरवशाली परंपरा को पूरी निष्ठा और बहादुरी से आगे बढ़ा रही हैं।

बचपन से ही अनुशासित और लक्ष्य के प्रति समर्पित पूजा ठाकुर की स्कूली शिक्षा केंद्रीय विद्यालय से हुई। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से सेना में अफसर बनने का सपना पूरा किया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने ‘ऑप्रेशन सिंदूर’ जैसे कई महत्वपूर्ण अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उनकी यह नई नियुक्ति उनकी असाधारण नेतृत्व क्षमता, समर्पण और राष्ट्र के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का जीता-जागता प्रमाण है।

लैफ्टिनैंट कर्नल पूजा ठाकुर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके पिता और ससुर ने गर्व से भर कर कहा कि यह सिर्फ हमारे परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल के लिए गौरव का क्षण है। पूजा आज देश की उन हजारों बेटियों के लिए एक जीती-जागती प्रेरणा बन गई है, जो वर्दी पहनकर देश की सेवा करने का सपना देखती हैं। उसने साबित कर दिया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।

इस खबर के फैलते ही सरकाघाट और सुंदरनगर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग और सामाजिक संगठन उन्हें सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से बधाई दे रहे हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं। लैफ्टिनैंट कर्नल पूजा ठाकुर की यह सफलता हिमाचल की बेटियों को नए सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला देगी।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!