वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

बिलासपुर: फोरलेन पर बाइक रोक गोबिंद सागर झील में कूदा हमीरपुर का युवक, तलाश में जुटे गोताखोर

हमीरपुर का एक 28 वर्षीय युवक घर से सामान लाने की बात कहकर निकला, लेकिन उसने अपनी मंजिल मौत को चुना। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन मंडी-भराड़ी के पास उसने अपनी मोटरसाइकिल रोकी और सीधे गोबिंद सागर झील के गहरे पानी में छलांग लगा दी। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस व बचाव दल युवक की तलाश में जुटे हैं।

यह सब इतनी तेजी से हुआ कि किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। धराड़सानी की तरफ से गुजर रहे एक वाहन चालक की नजर जब झील में कूदते युवक पर पड़ी तो उसने तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और फौरन झंडूता पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस को छलांग लगाने वाली जगह से करीब 200 मीटर दूर एक लावारिस मोटरसाइकिल (HP 21C-8808), एक हैल्मेट और एक बैग मिला। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर युवक की पहचान हमीरपुर जिले के गांव अंबोहा निवासी राजीव कुमार (28) पुत्र जागीर सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस ने जब राजीव के परिजनों से संपर्क किया तो एक दर्दनाक कहानी सामने आई। परिजनों के मुताबिक राजीव अविवाहित था और पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। उसने करीब 3-4 महीने पहले बद्दी की एक कंपनी से नौकरी भी छोड़ दी थी। आज सुबह वह घर से यह कहकर निकला था कि बद्दी से अपना बचा हुआ सामान लेने जा रहा है, लेकिन किसी को क्या पता था कि वह मौत को गले लगाने जा रहा है।

डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने बताया कि सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन की टीम और मोटर बोट के जरिए तलाश शुरू कर दी गई थी, लेकिन देर शाम तक कोई सफलता हाथ नहीं लगी। अब युवक की तलाश के लिए बीबीएमबी के विशेषज्ञ गोताखोर को बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता लापता युवक को ढूंढना है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद ही इस आत्मघाती कदम के पीछे की असली वजह सामने आ पाएगी।फिलहाल, गोबिंद सागर झील के गहरे और शांत पानी में विशेषज्ञ गोताखोर एक जिंदगी की तलाश कर रहे हैं, जिसके पीछे कई अनसुलझे सवाल हैं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!