हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक ऐसी घटना पेश आई है जिसे सुनकर हर काेई कोई स्तब्ध है। 64 वर्षीय शांति स्वरूप जो कभी पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के निजी चालक हुआ करते थे, उन्हाेंने अपने ही घर में खुद को पिस्टल से गोली मारकर अपनी जिंदगी का अंत कर लिया। रायसन के विहाल क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहे शांति स्वरूप वर्ष 2020 में सचिवालय से सेवानिवृत्त हुए थे।
गोली चली ताे कमरे में पहुंचे परिजन, खून से लथपथ में मिले शांति स्वरूप
घटना आज सुबह करीब साढ़े 9 बजे की है, जब उनके घर से अचानक एक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। पड़ोसियों और परिवार के सदस्यों ने बताया कि आवाज सुनते ही सब दौड़ पड़े। जब वे कमरे में पहुंचे तो शांति स्वरूप को खून से लथपथ पाया गया। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और कुल्लू थाने की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
मानसिक रूप से चल रहे थे परेशान
पड़ोसियों ने बताया कि शांति स्वरूप बेहद सकारात्मक और मददगार इंसान थे। उनके द्वारा उठाया गए इस कदम से हर काेई हैरान है। वहीं कुछ सूत्रों के मुताबिक वे पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
धूमल ने घटना पर जताया दुख
वहीं पूर्व मुख्यमंत्री प्राे. प्रेम कुमार धूमल ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शांति स्वरूप हमारे परिवार का हिस्सा थे। उनकी मौत से हम सब को बहुत दुख हुआ है। मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। वहीं कुल्लू के पुलिस अधीक्षक ने भी पुष्टि की है कि जांच जारी है, और वे हर पहलू की गहराई से जांच कर रहे हैं।








