हिमाचल का हमीरपुर शहर सोमवार को उस वक्त दहल गया, जब शहर के सबसे व्यस्त मुख्य बाजार में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक तस्वीर सामने आई। एक बेकाबू तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे पैदल चल रही एक महिला को न सिर्फ टक्कर मारी, बल्कि उसे बेरहमी से कुचलते हुए निकल गई। यह दिल दहला देने वाली पूरी घटना सदर पुलिस थाने के ठीक बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
काल बनकर आई पंजाब नंबर की कार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा पंजाब नंबर की एक सफेद कार (PB 08FC-6988) ने किया। कार में तीन युवक सवार थे और उसे एक युवक बेहद तेज रफ्तार से चला रहा था। बाजार की भीड़ को चीरती हुई यह कार जब आगे बढ़ी तो सड़क के किनारे चल रही एक महिला को उसने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिर पड़ी, लेकिन दरिंदगी यहीं नहीं रुकी। कार चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय उसे घसीटते हुए आगे बढ़ा और कार का अगला पहिया महिला के ऊपर से चढ़ा दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
भागते हुए बाइक सवार को मारी टक्कर, सड़क पर मची चीख-पुकार
घायल महिला को सड़क पर तड़पता छोड़ आरोपी कार चालक ने पकड़े जाने के डर से कार की रफ्तार और तेज कर दी। भागने के दाैरान उसने पास से गुजर रही एक बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग सहम गए और चारों तरफ चीख-पुकार होने लगी, लेकिन इस खौफ के बीच कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई और तुरंत घायल महिला को सड़क किनारे किया। एम्बुलेंस को फोन किया गया और फौरन उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
लोगों का फूटा गुस्सा, बाेले-लापरवाह चालकाें पर कसी जाए नकेल
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर था। लोगों का कहना है कि मुख्य बाजार में हर समय बच्चे, बूढ़े और महिलाएं पैदल चलते हैं, लेकिन कुछ लापरवाह चालक नियमों को ताक पर रखकर मौत की रफ्तार से गाड़ियां दौड़ाते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मुख्य बाजार में वाहनों की आवाजाही और रफ्तार को सख्ती से नियंत्रित किया जाए। उन्होंने मांग की है कि ऐसे लापरवाह ड्राइवरों पर नकेल कसी जाए, ताकि भविष्य में कोई और परिवार इस तरह के दर्द से न गुजरे।
आरोपियों को जल्द किया जाएगा गिरफ्तार : एसपी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि यह एक बेहद गंभीर मामला है। पुलिस थाने के बाहर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार और उसमें सवार युवकों की पहचान की जा रही है। गाड़ी के नंबर से जुड़ी जानकारी जुटाई गई है। आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।








