नई दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सैंटर में सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट और एसआरएस फाऊंडेशन द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित राष्ट्रीय स्वास्थ्य सम्मेलन में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने देश के स्वास्थ्य ढांचे को लेकर बड़ी बात कही। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत अब इलाज से आगे बढ़कर वैलनैस और निवारक स्वास्थ्य सेवा की ओर बढ़ रहा है।मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि हमारा मॉडल यह है कि स्वास्थ्य सेवा मरीज की चौखट तक पहुंचे। हम चाहते हैं कि व्यक्ति को अस्पताल जाने की नौबत ही न आए, बल्कि बीमारी को विकसित होने से पहले ही रोक दिया जाए। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से देशभर में वैलनैस केंद्रों का किया गया है। अब आशा कार्यकर्ता 30 वर्ष से अधिक आयु के हर व्यक्ति को नियमित जांच के लिए केंद्र ले जाएंगी, जिससे कैंसर, शुगर और हार्ट जैसी बीमारियों का पता शुरूआती चरण में ही लग सकेगा।
बुजुर्गों के लिए वरदान बनी आयुष्मान योजना
आयुष्मान भारत योजना के विस्तार पर बात करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि आमतौर पर बीमा कंपनियां 70 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का बीमा नहीं करतीं, लेकिन मोदी सरकार ने इस आयु वर्ग के सभी नागरिकों को आयुष्मान योजना के दायरे में ला दिया है। इसके लिए किसी भी प्रकार की वार्षिक आय सीमा की बाध्यता नहीं रखी गई है। इसके अलावा 8 लाख रुपए से कम आय वाले परिवार भी इसका पूरा लाभ ले पा रहे हैं।

टीबी मुक्त भारत: एक मिनट में एक्स-रे रिपोर्ट
तपेदिक (टीबी) उन्मूलन पर जेपी नड्डा ने बताया कि देश में अब डिजिटल एक्स-रे सुविधा दी जा रही है, जो मात्र एक मिनट में रिपोर्ट देती है। इससे दूरदराज के इलाकों में भी बीमारी की पहचान और 3 महीने के भीतर मरीज का इलाज संभव हो पा रहा है। उन्होंने सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट और एसआरएस फाऊंडेशन के योगदान को सराहा और अपील की “समाजसेवी संगठन आगे आएं और लोगों को वैलनैस केंद्रों तक पहुंचाने में भागीदार बनें।
अब देश में 23 एम्स दे रहे सेवाएं : डॉ. राज बहादुर
सम्मेलन में एम्स ऋषिकेश के अध्यक्ष और प्रख्यात स्पाइन रोग विशेषज्ञ डॉ. राज बहादुर ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से पहले देश में सिर्फ एक एम्स था। वाजपेयी सरकार में 6 नए एम्स बने और अब मोदी सरकार में यह संख्या बढ़कर 23 हो गई है। उन्होंने बताया कि अब तक 42 करोड़ आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जो गरीबों के लिए संजीवनी साबित हुए हैं।
ट्रस्ट घर-घर पहुंचाएगा जागरूकता : अभिषेक राणा
इससे पूर्व, सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक राणा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और कहा कि ट्रस्ट सरकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाएगा। वहीं, एसआरएस फाऊंडेशन के अध्यक्ष डॉ. साजन शर्मा ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, ट्रस्टी राजेंद्र राणा और यशपाल अग्रवाल सहित कई गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दाैरान वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राज बहादुर काे उनके लंबे और विशिष्ट करियर के लिए ‘लाइफटाइम अचीवमेंट इन ऑर्थोपेडिक्स एवं मेडिकल एजुकेशन लीडरशिप’ से नवाजा गया।

चिकित्सा श्रेणी में इन विशेषज्ञों काे मिला सम्मान
समारोह में चिकित्सा के विभिन्न क्षेत्रों, जैसे ऑर्थोपेडिक्स, गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी, डर्मेटोलॉजी और न्यूरोलॉजी में बेहतरीन काम करने वाले डॉक्टर्स को सम्मानित किया गया। डॉ. राज बहादुर के अलावा अन्य सम्मानित चिकित्सकों की सूची इस प्रकार है:
- डॉ. तेजपाल सिंह: ग्लोबल एक्सीलेंसी इन स्ट्रक्चरल बायोलॉजी एंड ड्रग डिज़ाइन।
- डॉ. हिमांशु भायना: ऑर्थोपेडिक्स में समर्पित सेवा के लिए।
- डॉ. नितिन शंकर बहर: गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी और एडवांस्ड एंडोस्कोपी में उत्कृष्टता।
- डॉ. गुरविंदर पाल थामी: मेडिकल एडमिनिस्ट्रेशन और डर्मेटोलॉजी में अनुकरणीय नेतृत्व।
- डॉ. जैमंती बख्शी: ईएनटी और हेड-नेक सर्जरी में उत्कृष्टता।
- डॉ. सुरिंदर सिंह राणा: गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी और मेडिकल रिसर्च में विशिष्ट योगदान।
- डॉ. नवीन संख्यान: पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी में उत्कृष्ट योगदान।
- डॉ. गौरव सचदेवा: इंटरनल मेडिसिन और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवा में बेहतरीन सेवाएं।
- डॉ. संजना सहोली: बाल रोग और सामुदायिक स्वास्थ्य में उत्कृष्ट सेवा।
- डॉ. समीर अरोड़ा: डर्मेटोलॉजी और एंटी-एजिंग मेडिसिन में अग्रणी कार्य।
- डॉ. मनीषा मित्तल: कॉस्मेटोलॉजी और एस्थेटिक मेडिसिन में उत्कृष्टता।
परोपकार और सामाजिक योगदान के लिए इनका हुआ सम्मान
चिकित्सा के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले समाजसेवियों और एनजीओ को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
- आलोक नरैन सिन्हा और सुशील सूरी को परोपकार (फिलांथ्रॉपी) में उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया।
- ईशा वशिष्ठ को प्रिवेंटिव हैल्थ और पोषण जागरूकता में राष्ट्रीय योगदान के लिए सराहा गया।
- रुबल नागी को समाज सेवा में उत्कृष्टता के लिए सम्मान मिला।
- डॉ. रश्मि सलूजा को हेल्थकेयर एक्सीलेंस और इंटरनेशनल कोलैबोरेशन में ल्यूमिनरी अवॉर्ड दिया गया।
- आरसीएम सेवा को चिकित्सा जागरूकता और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में सबसे प्रभावशाली एनजीओ घोषित किया गया।
- एक जरिया फाऊंडेशन को चिकित्सा सहायता और समाज सेवा में सबसे प्रभावशाली एनजीओ का सम्मान मिला।
- बोटैनिक हेल्थकेयर प्रा. लि. को सीएसआर के माध्यम से समाज में अनुकरणीय योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया।
- डॉ. पी. चिना चावला को प्रभावशाली विज्ञान संचार और सामाजिक स्वास्थ्य नेतृत्व में विशिष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया।









