वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: घर में बिक रहा था हंसते-खेलते परिवारों की बर्बादी का सामान, पति-पत्नी गिरफ्तार

सिरमाैर जिले के उपमंडल पांवटा साहिब के भगवानपुर गांव में पुलिस ने एक ऐसे दंपति काे दबाेचा है जाे मेहनत की कमाई खाने की बजाय युवा पीढ़ी की नसों में ‘जहर’ घोलने का काम कर रहा था। जी हां, नशे के खिलाफ चल रही सिरमौर पुलिस की मुहिम के तहत डिटैक्शन सैल ने फिरोज खान (33) और उसकी पत्नी रजिया को गिरफ्तार किया है। ये दोनों अपने ही घर से स्मैक (हैरोइन) का काला कारोबार चला रहे थे।

पुलिस की डिटैक्शन सैल की टीम समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से कोलर, धौलाकुआं और माजरा की सड़कों पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भगवानपुर निवासी फिरोज और उसकी पत्नी रजिया हरियाणा के यमुनानगर से ‘मौत का सामान’ (स्मैक) खरीदकर लाए हैं और अपने घर से ही युवाओं को बेच रहे हैं। सूचना पक्की थी, इसलिए पुलिस ने बिना वक्त गंवाए दबिश दी। तलाशी के दौरान पति-पत्नी के कब्जे से 15.50 ग्राम स्मैक बरामद हुई। यह सिर्फ एक पाऊडर नहीं, बल्कि कई हंसते-खेलते परिवारों की बर्बादी का सामान था।

पुलिस थाना माजरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार को जब उन्हें अदालत में पेश किया गया, तो अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि इस जहर के तार और कहां तक जुड़े हैं।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच जारी है। यह गिरफ्तारी एक चेतावनी है उन लोगों के लिए जो चंद रुपयों के लालच में समाज का भविष्य बर्बाद कर रहे हैं और राहत की खबर है उन मां-बाप के लिए जो अपने बच्चों को नशे से बचाना चाहते हैं।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!