वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

वायुसेना ने हिमाचल सरकार को थमाया 5.68 करोड़ का बिल, मणिमहेश यात्रा से जुड़ा है मामला

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान एक चौंकाने वाला आंकड़ा सामने आया है। पवित्र मणिमहेश यात्रा के दौरान खराब मौसम में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने के लिए भारतीय वायुसेना ने हिमाचल सरकार को 5.68 करोड़ रुपए से अधिक का बिल भेजा है। यह राशि राज्य सरकार द्वारा इस बचाव अभियान पर किए गए कुल खर्च से कई गुना अधिक है। चम्बा के विधायक नीरज नैयर द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने सदन में यह जानकारी पेश की।

बचाव अभियान में मदद के बदले भारतीय वायुसेना ने राज्य सरकार को भुगतान के लिए 5 करोड़ 68 लाख 21 हजार 750 रुपए का बिल भेजा है। इसी अभियान में हिमाचल सरकार ने अपनी ओर से 1 करोड़ 17 लाख 49 हजार 274 रुपए खर्च किए थे।

बता दें कि मानसून के दौरान भारी भूस्खलन और बारिश के कारण मणिमहेश यात्रा मार्ग पर करीब 16,000 श्रद्धालु फंस गए थे, जिन्हें निकालने के लिए सेना की मदद लेनी पड़ी थी। रेस्क्यू ऑप्रेशन में वायुसेना के चिनूक और एमआई-17 हैलीकॉप्टरों के अलावा दो निजी हैलीकॉप्टर और हिमाचल सरकार की 233 बसों का इस्तेमाल किया गया था।

सदन में दी गई जानकारी के मुताबिक आपदा के दौरान चम्बा-भरमौर नैशनल हाईवे -154 की स्थिति बेहद खराब थी। मानसून सीजन में 23 अगस्त से 11 सितम्बर के बीच ये हाईवे कुल 20 दिनों तक बंद रहा, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हुआ और हजारों यात्री मार्ग में ही फंस गए थे।

मणिमहेश यात्रा के दौरान हुए इस रैस्क्यू ऑप्रेशन में राज्य सरकार ने श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने के लिए भारी मशक्कत की थी। अब वायुसेना द्वारा भेजे गए करीब पौने 6 करोड़ के बिल ने पहले से ही आर्थिक तंगी से जूझ रही राज्य सरकार के सामने एक नई चुनौती खड़ी कर दी है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!