वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

Video: वो ‘मैगी’ की आखिरी भूख और काल बनकर आया सरिये से लदा ट्रक, एक पल में उजड़ गई 2 दोस्तों की दुनिया

कहते हैं जीवन और मृत्यु के बीच का फासला महज एक सांस का होता है, लेकिन हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में घटी एक घटना ने इस फासले को भी मिटा दिया। पंजाब के जालंधर से आए दो दोस्त, जो शायद हंसी-ठिठोली करते हुए सफर का आनंद ले रहे थे, उन्हें क्या मालूम था कि सड़क किनारे लगी जिस रेहड़ी पर वो अपनी भूख मिटाने रुक रहे हैं, वही उनका आखिरी पड़ाव साबित होगी।

घटना देहरा के पास मुबारिकपुर-रानीताल नेशनल हाईवे पर स्थित सीरा दा भरो नामक जगह की है। जालंधर से कांगड़ा कार में जा रहे 2 युवक सफर के दौरान लगी भूख को शांत करने के लिए सड़क किनारे एक रेहड़ी पर रुके। उन्होंने मैगी का ऑर्डर दिया। दुकानदार ने अभी मैगी बनाने के लिए पानी डाला ही था, उम्मीद थी कि अगले दो मिनट में गरमा-गरम मैगी तैयार होगी… लेकिन उन दो मिनटों से पहले ही ‘काल’ आ गया।

अचानक एक सरिये से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर इतनी तेजी से आया कि संभलने का एक पल भी नसीब नहीं हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रूह कांप जाए। एक दोस्त की मौके पर ही दर्दनाक मृत्यु हो गई, शव की हालत ऐसी थी जिसे शब्दों में बयां करना या देख पाना भी मुश्किल था। वहीं, दूसरा दोस्त गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। जिस जगह वो खड़े थे, वहां अब सिर्फ तबाही के निशान और बिखरी हुई रेहड़ी बची है।

हादसे के बाद ट्रक चालक जिसका नाम कुलदीप बताया जा रहा है मौके से फरार हो गया और एक किलाेमीटर जाकर रुक गया। रेहड़ी वाले ने हिम्मत नहीं हारी और उसका पीछा किया, जिसके बाद उसे पकड़ लिया। ट्रक बनुड़ से गग्गल (कांगड़ा) की ओर सरिया लेकर जा रहा था। हैरानी की बात यह है कि ड्राइवर ने अजीबोगरीब दावा किया। उसका कहना है कि हादसा मेरे ट्रक से नहीं हुआ, जब मैं वहां से गुजरा तो सड़क पर पहले से खून पड़ा था। हालांकि, रेहड़ी संचालक का आरोप है कि ड्राइवर नशे में था, जिसके चलते यह भीषण हादसा हुआ।

सूचना मिलते ही रानीताल पुलिस और एबुलैंस मौके पर पहुंची। घायल युवक और ट्रक ड्राइवर दोनों को देहरा के सिविल अस्पताल ले जाया गया है, जहां घायल की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रक ड्राइवर के दावे और चश्मदीदों के आरोपों के बीच सच क्या है, यह जांच के बाद साफ होगा, लेकिन जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई शायद कभी न हो सके। भगवान दिवंगत आत्मा को शांति दे और घायल को जल्द स्वास्थ्य लाभ प्रदान करे। सड़क पर चलते समय सावधानी ही बचाव है, क्योंकि घर पर कोई आपका इंतजार कर रहा है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!