वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

शिमला: नशे के सौदागरों पर पुलिस ने कसा शिकंजा, चिट्टा तस्करी में शामिल दंपति सहित 9 लाेग गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का ‘मिशन क्लीन भरोसा’ लगातार चोट कर रहा है। शिमला पुलिस ने नशा माफिया की कमर तोड़ते हुए 24 घंटे के भीतर 2 अलग-अलग बड़ी कार्रवाईयों में 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक दंपति और एक युवती भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के पास से भारी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है।

पहली और बड़ी कार्रवाई ढली पुलिस थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ढली बाईपास स्थित एक निजी होटल में चिट्टे की सप्लाई की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने होटल के कमरा नंबर-201 में दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरे से 12.960 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान साहिल (27) निवासी चंडीगढ़, शुभम चौधरी (25) निवासी पानीपत, अंकिता नेगी (26) निवासी ननखड़ी तथा चौपाल निवासी दंपति ललित चौहान (32) और उसकी पत्नी महिमा चौहान (27) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

दूसरी कार्रवाई रामपुर उपमंडल की डिटैक्शन टीम ने सैंज-सुन्नी रोड पर की। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक वाहन (एचपी 01एए-0787) को रोका। तलाशी लेने पर उसमें सवार निरमंड (कुल्लू) निवासी तीन व्यक्तियों महेंद्र सिंह (39), दिवान सिंह (41) और महिंद्र सिंह (42) के कब्जे से 6.33 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इनके खिलाफ थाना कुमारसैन में मामला दर्ज किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त ढली थाना के एक पुराने मामले में दुर्गापुर निवासी कुलदीप कुमार (39) के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है।

एसएसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि ‘मिशन क्लीन भरोसा’ के तहत पुलिस ड्रग पैडलरों और चिट्टाखोरों पर पैनी नजर रखे हुए है। उन्होंने कहा कि चिट्टा बेचने वालों के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार जारी रहेगी और ऐसे किसी भी अपराधी को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पकड़े गए सभी आरोपियों को जल्द ही अदालत में पेश किया जाएगा।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!