हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला राजधानी शिमला के ऊपरी क्षेत्र कोटखाई का है, जहां रविवार देर रात एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में सोलन जिले के एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार 5 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सोलन जिले के 6 युवा वीकैंड पर घूमने के लिए शिमला के ऊपरी पर्यटन स्थलों की ओर आए थे। सभी हाटू पीक घूमने के बाद रविवार रात वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कोटखाई के बाघी बाजार के पास अचानक चालक ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा समाई।
हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। कोटखाई पुलिस और ग्रामीणों ने अंधेरे और कठिन परिस्थितियों के बीच रैस्क्यू ऑप्रेशन चलाया। सभी घायलों को खाई से निकालकर पहले सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आईजीएमसी शिमला रैफर कर दिया गया है।
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान सूरज (20) पुत्र ज्ञान चंद निवासी बंदला, कंडाघाट (सोलन) के रूप में हुई है। वहीं घायलों की पहचान काजल (23) निवासी अर्की, चेतन (21) निवासी कुनिहार (अर्की), पलक (21) निवासी कसौली, पारुल (19) निवासी कंडाघाट व हर्ष (21) निवासी अर्की के रूप में की गई है।
एसपी शिमला संजीव गांधी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बाघी बाजार के पास कार खाई में गिरने से एक युवक की मृत्यु हुई है, जबकि पांच अन्य उपचाराधीन हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।








