हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में नशे के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस की एसआईयू टीम ने टाहलीवाल स्थित एक होटल में छापेमारी कर चंबा की रहने वाली एक युवती को चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार युवती एमबीए पास है और एक अच्छे परिवार से ताल्लुक रखती है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि टाहलीवाल के एक होटल में रुकी हुई युवती नशा तस्करी में संलिप्त है। सूचना मिलते ही एसआईयू टीम के प्रभारी सुनील सांख्यान की अगुवाई में पुलिस ने बीती रात होटल में दबिश दी। तलाशी के दौरान युवती के पास से 11 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि युवती चंबा जिले के डल्हौजी की रहने वाली है और उसने बिजनेस मैनेजमेंट (एमबीए) की पढ़ाई की है। जहां एक तरफ एमबीए करने के बाद युवा मल्टीनेशनल कंपनियों में लाखों का पैकेज लेते हैं, वहीं इस युवती ने चंद पैसों के लालच में अपराध का रास्ता चुना। पुलिस भी इस बात से हैरान है कि इतनी पढ़ी-लिखी युवती नशा तस्करी जैसे दलदल में कैसे फंस गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती पंजाब से चिट्टा लाकर ऊना में सप्लाई करने की फिराक में थी। सूत्रों के मुताबिक मौके पर युवती के साथ एक युवक के होने की भी बात सामने आ रही है, जो पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
ऊना पुलिस ने युवती के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि नशे के खात्मे के लिए वे पुलिस का सहयोग करें और अपने आसपास ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।








