उम्र के जिस पड़ाव पर इंसान को हाथों में माला और मन में ईश्वर का नाम रखना चाहिए, वहां एक बुजुर्ग के हाथों में ‘नशे का सामान’ देखकर पुलिस भी दंग रह गई। समाज को नशामुक्त बनाने की मुहिम में जुटी पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए जम्मू-कश्मीर के एक बुजुर्ग को 5 किलो से अधिक चरस (5.128 किलोग्राम) के साथ गिरफ्तार किया है।
घटना चम्बा जिले के अंतर्गत आते नड्डल-खैरी संपर्क मार्ग की है। खैरी पुलिस की टीम मुस्तैदी से गश्त पर थी। मर्नान चौक के पास पुलिस की नज़र एक बुजुर्ग शख्स पर पड़ी। चेहरे पर झुर्रियां और उम्र 60 साल, लेकिन हावभाव में घबराहट। पुलिस के जवानों को उस पर शक हुआ और उसे रुकने का इशारा किया। पूछताछ शुरू हुई तो बुजुर्ग संतोषजनक जवाब देने के बजाय बातें घुमाने लगा। पुलिस का शक यकीन में बदल गया। जब नियमानुसार तलाशी ली गई, तो जो बरामद हुआ उसने सभी के होश उड़ा दिए। इस बुजुर्ग के पास से 5.128 किलो चरस की एक बड़ी खेप बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिशन दास पुत्र बर्फी के रूप में हुई है, जो पड़ोसी राज्य जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले की बनी तहसील के सांधी गांव का रहने वाला है। यह अपने आप में चिंता का विषय है कि नशे के तस्कर अब पुलिस की आँखों में धूल झोंकने के लिए बुजुर्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं या फिर बुजुर्ग खुद लालच के जाल में फंसकर अपराध की दुनिया में कदम रख रहे हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चरस को जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है और थाना खैरी में मादक पदार्थ निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जम्मू-कश्मीर का यह बुजुर्ग इतनी बड़ी मात्रा में नशा लेकर किसके लिए निकला था? इस खेप को कहां डिलीवर किया जाना था? पुलिस अब इस रैकेट से जुड़े अन्य चेहरों को बेनकाब करने के लिए गहन पूछताछ कर रही है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी विजय कुमार सकलानी ने कड़े शब्दों में संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि कि नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी है। नशीले पदार्थों का व्यापार करने वाला चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। हम इस नैटवर्क की तह तक जाएंगे और इसमें शामिल हर शख्स पर कड़ी कार्रवाई करेंगे।








