जहां एक तरफ पूरी दुनिया नए साल के आगमन का जश्न मना रही थी, वहीं हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में साल की पहली सुबह दहशत लेकर आई। नालागढ़ में नए साल के पहले ही दिन एक जोरदार रहस्यमयी धमाके ने पूरे शहर काे दहल दिया। यह विस्फोट इतना जबरदस्त था कि इसकी गूंज दूर-दूर तक सुनाई दी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना नालागढ़ पुलिस थाने के पास स्थित एक गली में सुबह-सुबह घटी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक धमाका होते ही पूरा इलाका थर्रा गया और एक पल के लिए धुएं के गुबार में कुछ भी दिखाई नहीं दिया। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल के आसपास की इमारतों और पास ही स्थित आर्मी कैंटीन के शीशे चकनाचूर हो गए। चाय की दुकानों पर बैठे लोग और प्रवासी मजदूर खौफजदा हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी बद्दी विनोद धीमान अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है। धमाके के कारणों का पता लगाने के लिए शिमला से फाेरैंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से सैंपल जुटा लिए हैं। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि विस्फोट किस वस्तु में हुआ, लेकिन पुलिस हर एंगल से इसकी गहन जांच कर रही है।








