वेब स्टोरी

ई-पेपर

लॉग इन करें

हिमाचल: चम्बा-तीसा राेड पर बेकाबू हाेकर खाई में गिरी कार, पलक झपकते ही उजड़ गया हंसता-खेलता परिवार

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें एक हंसता-खेलता परिवार पलभर में ही उजड़ गया। यह हादसा चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर हुआ, जहां एक ऑल्टो कार के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार में सवार तीन लोग तीसा से चम्बा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर ईंड नाला के समीप अचानक गाड़ी अनियंत्रित हाेकर खाई में जा गिरी। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर रैस्क्यू अभियान चलाया और पति-पत्नी के शवाें व घायल व्यक्ति काे खाई से बाहर निकाला।

इस भीषण हादसे में मरने वालों की पहचान भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष हरी भारद्वाज निवासी कुहोग और उनकी पत्नी शिवदेई के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर है। चुराह से भाजपा विधायक ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

हादसे में गंभीर रूप से घायल तीसरे व्यक्ति की पहचान लोकगायक जगदीश सोनी पुत्र मोहन लाल, निवासी कुंडी गांव (चुराह) के रूप में हुई है। उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चम्बा भेजा गया था, लेकिन उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रैफर कर दिया है।

एसपी चम्बा विजय कुमार सकलानी ने दुर्घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर रैस्क्यू ऑप्रेशन चलाया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा भेज दिया है और हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।

Desk
Author: Desk

Leave a Comment

और पढ़ें
और पढ़ें
error: Content is protected !!