हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिला में पुलिस ने नशा माफिया के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने तीसा मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान एक 24 वर्षीय युवक को एक किलो से अधिक चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एसआईयू चम्बा की टीम चम्बा-तीसा मुख्य मार्ग पर गश्त पर थी। टीम ने सरुनाला के पास स्थित रखालू माता मंदिर के समीप नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान चम्बा की ओर पैदल आ रहा एक युवक पुलिस टीम को देखकर घबरा गया और संदिग्ध हरकतें करने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के बैग से 1 किलो 121 ग्राम चरस बरामद की गई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान देवी सिंह (24 वर्ष) पुत्र थल्लू राम निवासी गांव बंजाल, डाकघर टिकरीगढ़ व तहसील चुराह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत तीसा थाना में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
महज 24 साल के युवक का इतनी बड़ी मात्रा में चरस के साथ पकड़ा जाना इस बात का प्रमाण है कि नशा माफिया अब सीधे तौर पर युवाओं को अपना टारगेट बना रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसका असली खरीददार कौन था। पुलिस यह खंगाल रही है कि युवक यह तस्करी खुद कर रहा था या वह किसी बड़े गिरोह का महज एक प्यादा है।
एसपी चम्बा विजय सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि चम्बा पुलिस का नशा माफिया को जड़ से उखाड़ने तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। तीसा क्षेत्र में पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि युवक के पास इतनी बड़ी मात्रा में चरस कहां से आई और इस नैटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं।







