पंजाब के होशियारपुर में आज सुबह घनी धुंध काल बनकर आई और खुशियों से भरे एक सफर को पलभर में चीख-पुकार में बदल दिया। होशियारपुर-दसूहा रोड पर ऐसा खाैफनाक मंजर देखने को मिला, जिसने हर किसी का दिल दहला दिया। धुंध की सफेद चादर में लिपटी सड़क पर एक कार और पंजाब रोडवेज (पनबस) की बस के बीच हुई जोरदार टक्कर में 4 हंसते-खेलते लोगों की जान चली गई, जबकि एक युवक जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।
यह दिल दहला देने वाला हादसा आज सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। हिमाचल प्रदेश नंबर की कार (HP 72B-6869) जैसे ही लिंक रोड से मेन रोड पर चढ़ी, दसूहा की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पनबस ने धुंध के कारण उसे जोरदार टक्कर मार दी। मंजर इतना खौफनाक था कि बस, कार को अपने साथ करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इसके बाद अनियंत्रित बस सड़क किनारे बनी झुग्गियों पर जा चढ़ी। गनीमत यह रही कि उस वक्त झुग्गियों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे वहां कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ, लेकिन कार के परखच्चे उड़ चुके थे।
वही हादसे के बाद रोड पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही थाना हरियाणा के एसएचओ किरन सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारू किया। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए होशियारपुर सिविल अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के रहने वाले ये पांचाें लाेग कार में सवार हाेकर अमृतसर एयरपोर्ट जा रहे थे, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। हादसे में जान गंवाने वाले चारों लोग रिश्ते में भाई थे। कार चला रहे व्यक्ति सेना से रिटायर्ड थे, जबकि बाकी तीन खेतीबाड़ी करते थे। मृतकों की पहचान सुखविंदर सिंह (45), सुशील कुमार (46), बृज कुमार (38) और अरुण कुमार (45) के रूप में हुई है। ये चाराें अपने भतीजे अमृत डडवाल काे एयरपोर्ट छाेड़ने जा रहे थे, जिसे दुबई की फ्लाइट पकड़नी थी। इस हादसे में अमृत डडवाल गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में भर्ती है।
फिलहाल पुलिस हादसे के कारणाें की गहनता से जांच कर रही है, लेकिन इस हादसे ने पूरे इलाके और मृतकों के गांव में मातम पसरा दिया है।








